घर में घुसकर कृपाण-रॉड से हमला, 4 पर केस

Crime news
Attack with a kirpan/rod at home : मोगा। गांव दल्लूवाला में घर में घुसकर एक व्यक्ति पर कृपाणों और रॉड से कथित हमला कर उसे घायल करने का मामला सामने आया है। थाना समालसर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी इकबाल सिंह ने बताया कि लवप्रीत सिंह उर्फ लभा पुत्र जसपाल सिंह निवासी गांव दल्लूवाला ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि रात के समय वह अपने पिता जसपाल सिंह, माता गुरमीत कौर और जसप्रीत सिंह के साथ घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान उनके घर का दरवाजा जोर-जोर से खटखटाया गया। बाहर देखने पर आकाशदीप सिंह के हाथ में कृपाण, सुखविंदर सिंह और गुरप्रीत सिंह के पास दाह तथा पीता सिंह के हाथ में रॉड थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उक्त लोग घर में दाखिल हो गए और आकाशदीप सिंह ने करण सिंह को बुलाते हुए मोबाइल चोरी के आरोप को लेकर उसे सबक सिखाने की बात कही।
जब उन्हें घर से बाहर जाने के लिए कहा गया तो आरोपितों ने झगड़ा शुरू कर दिया और उसके भाई करण सिंह पर कृपाणों व रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। शोर मचाने पर सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल करण सिंह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने जांच के बाद आकाशदीप सिंह पुत्र हरपाल सिंह, सुखविंदर सिंह उर्फ गगो पुत्र हाकम सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरदित्ता पुत्र गोरा सिंह और पीता सिंह पुत्र जुम्मा सिंह, सभी निवासी गांव दल्लूवाला, जिला मोगा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।
