Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना के सैदां चौक के नजदीक कारोबारी को सुए मारकर लूट की कोशिश

लुधियाना: शहर के अंदरूनी क्षेत्र में लूटपाट की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। हौजरी का गढ़ माने जाने वाले इलाकों में अब लूटपाट व छीना-झपटी की वारदातें आम होने लगी हैं। हालात यह हैं कि लुटेरे अब दिन-दिहाड़े ही कारोबारियों को टारगेट करने लगे हैं। मंगलवार को भी एक्टिवा सवार तीन लोगों ने हौजरी कारोबारी से लूट की कोशिश की। जब वह लोग कारोबारी के हाथ से सोने की अंगूठी नहीं निकाल सके तो उन लोगों ने उस पर बर्फ तोड़ने वाले सुए से वार कर घायल कर दिया और फरार हो गए।

वारदात के समय कुछ लोग भी मौजूद थे लेकिन कोई भी कारोबारी की मदद के लिए आगे नहीं आया। रोजाना हो रही इन वारदातों से गुस्साए कारोबारी व आम लोग सड़कों पर उतर आए और सड़क पर धरना लगा दिया। इन लोगों ने चेतावनी दी कि अगर यही हाल रहा तो वह लोग अपनी दुकानें, फैक्टरियां व घर बंद कर चाबियां पुलिस को सौंप देंगे। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 4 के इंचार्ज गुरजीत सिंह मौके पर पहुंचे। बड़ी मुश्किल से थाना इंचार्ज ने कारोबारियों को समझाया और धरने से हटाया।

यह सारी वारदात वहां लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने सी.सी.टी.वी. फुटेज कब्जे में ले ली है। अब पुलिस इस सी.सी.टी.वी. फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान लगाने का प्रयास कर रही है। बता दें कि अभी कुछ दिन पहले भी सुंदर नगर मेन रोड के नजदीक रात को मंदिर से माथा टेककर वापस आ रहे एक्टिवा सवार कारोबारी व उसकी पत्नी से भी बाइक सवार बदमाशों ने लाखों के सोने के जेवरात लूट लिए थे।

यह वारदात मंगलवार सुबह की है। न्यू माधोपुरी के रहने वाले सुनील जैन मोही का पुराना बाजार में हौजरी का कारोबार है। सुबह तकरीबन साढ़े 10 बजे वह रोजाना की तरह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर दुकान पर जा रहे थे। घाटी मोहल्ला चौक की तरफ से जब वह सैदां चौक के निकट पहुंचे तो एक्टिवा सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। उन लोगों ने उनके हाथ में पहनी सोने की अंगूठी छीनने की कोशिश की। जब मोही ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया।

इसी बीच इनमें से एक बदमाश ने उन पर बर्फ तोड़ने वाले सुए से वार किए और फिर आराम से एक्टिवा पर बैठकर दरेसी की तरफ फरार हो गए। वारदात के समय कुछ राहगीर और आसपास के दुकानदार भी मौजूद थे लेकिन उन्हें कुछ समझ नहीं आया। लुटेरों के जाने के बाद कारोबारी की हालत देखकर आसपास के लोग उनके पास पहुंचे और उन्हें नजदीकी डॉक्टर के पास लेकर गए। इस पर ही कारोबारी ने सारी वारदात के बारे में बताया।

दिन-दिहाड़े हुई इस वारदात के बाद आसपास के कारोबारी और वहां रहने वाले लोग इकट्ठे हो गए। लोगों का कहना था कि रोजाना सड़क व आसपास के इलाकों में वारदातें हो रही हैं। अंधेरा होते ही लुटेरे एक्टिव हो जाते हैं और लोगों को शिकार बनाते हैं। वहीं थाना डिवीजन नंबर 4 के इंचार्ज गुरजीत सिंह का कहना है कि सी.सी.टी.वी. फुटेज कब्जे में ले ली गई है। जल्द ही पहचान कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version