मोगा। जनगणना-2027 को लेकर जिला मोगा में जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। इस राष्ट्रीय महत्व की प्रक्रिया में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डिप्टी कमिश्नर एवं प्रिंसिपल जनगणना अधिकारी सागर सेतिया ने शुक्रवार को जिला प्रशासनिक परिसर से जनगणना जागरूकता डिजिटल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एसएसपी सरताज सिंह चाहल, जनगणना नोडल अधिकारी एवं जिला लोक संपर्क अधिकारी सुबेग सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और प्रदेश के विकास की योजनाएं तैयार करने, सरकारी नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूरा सहयोग देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि ऑडियो-वीडियो संदेशों से लैस डिजिटल एलईडी वैन 13 से 30 नवंबर तक जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को जनगणना के महत्व, प्रक्रिया और ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा के बारे में जागरूक करेगी। वैन के माध्यम से ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ का संदेश दिया जाएगा।
डीसी ने बताया कि जनगणना के तहत नागरिकों को पहली बार घर बैठे स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाने का अवसर मिलेगा। इसके लिए 16 से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर परिवार और मकान से संबंधित आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज करवाई जा सकेगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशेष स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) जारी की जाएगी। इसे घर-घर पहुंचने वाले जनगणना कर्मचारी को उपलब्ध करवाना होगा, ताकि ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जा सके।
उन्होंने बताया कि घर-घर जाकर जनगणना करने का अभियान 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगा। इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक संशोधन संबंधी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। डिप्टी कमिश्नर ने ग्राम पंचायतों, नगर काउंसिलों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
📍 Location: मोगा

