Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

अजरबैजान भेजने के नाम पर 1.45 लाख रुपये लेने का आरोप, ट्रैवल एजेंट पर ठगी के गंभीर आरोप

August 17, 2026

अजरबैजान भेजने के नाम पर 1.45 लाख रुपये लेने का आरोप, ट्रैवल एजेंट पर ठगी के गंभीर आरोप

जालंधर: विदेश भेजने के नाम पर लोगों से पैसे लेकर कथित तौर पर ठगी करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला एमबीडी मॉल स्थित वाणी वीजा सर्विस से जुड़ा सामने आया है। पीड़ित गुरप्रीत ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर ट्रैवल एजेंट संचालक बलराम सिंह उर्फ शेरा, उसके भाई और शिवानी नामक महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई और पैसे वापस दिलाने की मांग की है।

गुरप्रीत के अनुसार उसने सोशल मीडिया पर वाणी वीजा सर्विस का विज्ञापन देखा था। इसके बाद 15 जून 2025 को वह अजरबैजान जाने के लिए एजेंट के कार्यालय पहुंचा। आरोप है कि एजेंट ने विदेश भेजने के लिए 1.40 लाख रुपये और मेडिकल के लिए 5 हजार रुपये लिए। इस तरह उससे कुल 1.45 लाख रुपये लिए गए। पीड़ित के मुताबिक उसके साथ उसके दो कजिन भाइयों ने भी अजरबैजान का वीजा लगवाया था।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि 9 जुलाई को ट्रैवल एजेंट ने उन्हें अजरबैजान की टिकट दी, लेकिन बाद में वह टिकट डुप्लीकेट निकली। इसके बाद एजेंट द्वारा सीजफायर समेत अन्य कारण बताकर उन्हें विदेश भेजने में लगातार टालमटोल की जाती रही। जब उन्होंने विदेश न भेजे जाने पर पैसे वापस मांगे तो कथित तौर पर उन्हें फिर आश्वासन देकर टाल दिया गया। गुरप्रीत ने बताया कि इस संबंध में उसने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में लिखित शिकायत भी दी थी। उसके मुताबिक करीब दो महीने बाद थाना प्रभारी की ओर से कार्रवाई के संबंध में फोन आया, लेकिन इसके बावजूद मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का आरोप है कि अब ट्रैवल एजेंट ने अपना कार्यालय भी बंद कर दिया है और पिछले एक साल से अधिक समय से उसके फोन का जवाब नहीं दे रहा।

पीड़ित ने बताया कि उसने एजेंट को भुगतान नकद किया था। वहीं, उसके अनुसार गोविंद नामक उसके भाई को एजेंट की ओर से एक लाख रुपये दिए गए थे। गुरप्रीत का कहना है कि वह लंबे समय से इंसाफ के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। अब पीड़ित परिवार ने प्रशासन से ट्रैवल एजेंट के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और उनके पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें