Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

पिछड़ा पंजाब फिर होगा आबाद, कांग्रेस ही बनाएगी अब सरकार : दिनेश बस्सी

July 25, 2026

पिछड़ा पंजाब फिर होगा आबाद, कांग्रेस ही बनाएगी अब सरकार : दिनेश बस्सी

Backward Punjab will be populated again : अमृतसर। इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश बस्सी ने विधानसभा हलका पूर्वी के सुंदर नगर, गली नंबर 9 में कांग्रेस नेता राजेश बब्बू की अगुवाई में क्षेत्रवासियों से रू-ब-रू होकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए जनसमर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने माताओं, बहनों, बुजुर्गों और युवाओं के साथ हलके के विकास तथा पंजाब के भविष्य को लेकर चर्चा की।

बोले- AAP सरकार में पंजाब पिछड़ा

अपने संबोधन में दिनेश बस्सी ने कहा कि एक समय पंजाब देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल था, लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि राज्य उन प्रदेशों से भी पीछे रह गया है, जो कभी विकास के मामले में काफी पिछड़े थे। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसरों की कमी के कारण पंजाब का युवा बड़ी संख्या में विदेशों का रुख कर रहा है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पहले पंजाब ने नशे की मार झेली और अब गैंगस्टरवाद लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है। बस्सी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है और विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं।

2027 में कांग्रेस को मौका देने की अपील

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कई जनहितैषी फैसले लिए, जिन्हें आज भी लोग याद करते हैं। बस्सी ने कहा कि अब पंजाब को दोबारा विकास की राह पर लाने की जिम्मेदारी केवल कांग्रेस ही निभा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में मतदान करते समय सोच-समझकर ऐसे व्यक्ति को चुनें, जो हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहा हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता उन्हें विधानसभा तक पहुंचने का अवसर देती है तो हलके में उद्योग स्थापित करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा और उन्हें मजबूरी में विदेश नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वह ऐसा विकास करेंगे कि अगली बार लोगों को उनसे वोट मांगने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी, बल्कि जनता स्वयं उन्हें समर्थन देगी। इस अवसर पर संदीप शाह, बब्बू पहलवान, अमनदीप, मनी पारस, बाला, मोनू, हनी, वेसू, सुनील, चेरी, बबलू, काका, प्रिंस सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें