मोगा: जिला में नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत थाना बधनी कलां पुलिस ने एक युवक को 120 नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार युवक की पहचान आकाशदीप सिंह उर्फ काशी पुत्र भगवान सिंह निवासी गांव काऊके पत्ती, थाना बधनी कलां, जिला मोगा के रूप में हुई है।
इस संबंध में प्राप्त पुलिस जानकारी के अनुसार थाना बधनी कलां में तैनात थाना प्रभारी सतनाम सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस पार्टी जब गांव रामां के क्षेत्र में पहुंची तो पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक को काबू कर लिया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 120 नशीली गोलियां (खुली अवस्था में) बरामद हुईं।
पुलिस ने मौके पर ही बरामद नशीली गोलियों को अपने कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद थाना बधनी कलां में आरोपी आकाशदीप सिंह उर्फ काशी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 61 और 85 के तहत मुकदमा नंबर 255 दिनांक 15 नवंबर 2026 दर्ज किया गया है।
मामले की जांच थाना बधनी कलां के प्रभारी सतनाम सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह नशीली गोलियां कहां से लेकर आया था और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
इसके अलावा पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त में शामिल रहा है या नहीं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान के तहत गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच का सिलसिला लगातार जारी है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी में संलिप्त दिखाई देता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।
📍 Location: बधनी कलां

