Site icon Dainik Savera Times

15 साल से खरीद रहे थे लॉटरी, इस बार चमकी किस्मत; बलजिंदर सिंह ने जीते 12 करोड़

Baljinder Singh wins Rs 12 crore Diwali Bumper

Baljinder Singh wins Rs 12 crore Diwali Bumper

मोहाली: कहते हैं कि किस्मत कब और किस पर मेहरबान हो जाए, इसका कोई अंदाजा नहीं लगा सकता। ऐसा ही कुछ पंजाब के मोहाली जिले के गांव हमायूंपुर में रहने वाले बलजिंदर सिंह के साथ हुआ। पेशे से टिप्पर चालक बलजिंदर सिंह ने महज 500 रुपये में दिवाली बंपर लॉटरी का टिकट खरीदा था। अब इसी टिकट ने उन्हें रातोंरात करोड़पति बना दिया है। उनके टिकट पर 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम निकला है।

लॉटरी में इतनी बड़ी रकम जीतने की खबर मिलते ही बलजिंदर सिंह और उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। एक साधारण किसान परिवार से आने वाले बलजिंदर सिंह के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा है। गांव में भी उनकी इस जीत की चर्चा हो रही है।

15 साल से खरीद रहे थे लॉटरी के टिकट

जानकारी के मुताबिक, बलजिंदर सिंह पिछले करीब 15 साल से लगातार लॉटरी के टिकट खरीद रहे थे। वह पेशे से टिप्पर चालक हैं और इसी काम से अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका परिवार खेतीबाड़ी से भी जुड़ा हुआ है। इस बार दिवाली से पहले उन्होंने हंडेसरा के लॉटरी विक्रेता आशू गर्ग से 500 रुपये का दिवाली बंपर टिकट खरीदा था। उन्हें उम्मीद थी कि कभी न कभी उनकी किस्मत जरूर साथ देगी। हालांकि, उन्होंने भी नहीं सोचा था कि इस बार उन्हें 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम मिल जाएगा।

रात 11 बजे मिली करोड़पति बनने की खबर

बलजिंदर सिंह को रात करीब 11 बजे पता चला कि उनके लॉटरी टिकट पर 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम निकला है। जैसे ही उन्हें यह खुशखबरी मिली, परिवार में खुशी का माहौल बन गया। बलजिंदर सिंह दो बच्चों के पिता हैं। अब तक उनका परिवार खेती और टिप्पर चलाने से होने वाली कमाई पर निर्भर था। सीमित आमदनी में परिवार की जिम्मेदारियां निभाने वाले बलजिंदर सिंह के लिए यह इनाम जिंदगी बदलने वाला साबित हो सकता है। लॉटरी जीतने के बाद उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की। हालांकि, अभी उन्होंने यह तय नहीं किया है कि इतनी बड़ी रकम का इस्तेमाल किस तरह करेंगे और आगे क्या योजना बनाएंगे।

पहले भी गांव के एक व्यक्ति की लगी थी एक करोड़ की लॉटरी

बलजिंदर सिंह की जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि उनके गांव हमायूंपुर में पहले भी लॉटरी के जरिए किसी व्यक्ति की किस्मत चमक चुकी है। जानकारी के अनुसार, कुछ साल पहले इसी गांव के रहने वाले तरलोचन सिंह की एक करोड़ रुपये की लॉटरी निकली थी। अब बलजिंदर सिंह ने 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम जीतकर गांव का नाम एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। उनकी इस बड़ी जीत के बाद पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है। 500 रुपये के टिकट से 12 करोड़ रुपये जीतने की यह कहानी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Exit mobile version