Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

बार एसोसिएशन का चुनाव में ईवीएम से वोटिंग करवाने की मांग, मामला पहुंचा हाईकोर्ट

November 26, 2023

बार एसोसिएशन का चुनाव में ईवीएम से वोटिंग करवाने की मांग, मामला पहुंचा हाईकोर्ट

पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव के लिए एडवोकेट बीएस राणा को चुनाव समिति चेयरमैन नियुक्त करने को चुनौती देने और ईवीएम के माध्यम से वोटिंग की मांग को लेकर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है याचिका पर हाईकोर्ट बुधवार को सुनवाई करेगा। याचिका दाखिल करते हुए एडवोकेट चौहान सतविंदर सिसोदिया ने हाईकोर्ट को बताया कि पिछले वर्ष हुए चुनाव के बाद वोटों की गिनती में अनियमित्ताएं हुई थी।

इसका याचिकाकर्ता ने विरोध भी किया था। पिछले वर्ष के चुनाव के लिए एडवोकेट बीएस राणा को चुनाव समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। इस बार भी चुनाव समिति के चेयरमैन के तौर पर बीएस राणा को नियुक्त कर दिया गया जो सही नहीं है। याची ने बताया कि बार एसोसिएशन की आम सभा की बैठक 15 नवंबर को बुलाई गई थी जिसमें मुद्दा चुनाव नियमों में संशोधन था। बैठक के दौरान अचानक बीएस राणा को चुनाव समिति का चेयरमैन घोषित कर 5 मिनट में बैठक समाप्त कर दी गई।

राणा के नाम को लेकर कोई चर्चा तक नहीं की गई और न ही कोई विकल्प दिया गया। याची ने कहा कि हाईकोर्ट में 15000 वकील हैं और ऐसे में केवल एक ही नाम का प्रस्ताव कैसे जायज है। इसके साथ ही कहा कि पिछले चुनाव में विवाद वोटों की गिनती को लेकर हुआ था। ऐसे में याची ने बार काउंसिल से अपील की थी कि इस बार चुनाव ईवीएम से करवाया जाए लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। ऐसे में हाईकोर्ट से अपील की गई कि बीएस राणा को चुनाव समिति के चेयरमैन पद से हटाया जाए और चुनाव ईवीएम से करवाने का निर्देश दिया जाए। याचिका हाईकोर्ट की रजिस्ट्री में दाखिल की जा चुकी है जिस पर बुधवार को सुनवाई होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें