
Batala Police : बटाला पुलिस ने फिरौती की मांग करने और फतेहगढ़ चूड़ियां में स्थित दस्तूर ए दस्तार की दुकान पर गोलियां चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इस मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस संबंधी पुलिस लाइन बटाला में की गई प्रैस कान्फ्रैंस दौरान जानकारी देते हुए एस.एस.पी बटाला सुहेल कासिम मीर ने बताया कि परमिन्द्र सिंह पुत्र रतन सिंह निवासी कोटली सूरत मल्ली की रेडीमेड कपड़ों की दुकान कोटली सूरत मल्ली और फतेहगढ़ चूड़ियां में है। उन्होंने कहा कि परमिन्द्र सिंह तिथि 24 और 25 जुलाई को विदेशी नंबर से कॉल आई थी जिसमें जैसल चंबल नाम के व्यक्ति द्वारा उनसे 50 लाख रुपए की फिरौती की मांग की गई थी और उनको जान से मारने की धमकियां दी गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा परमिन्द्र सिंह के बयानों के आधार पर थाना कोटली सूरत मल्ली में केस भी दर्ज किया गया था।
उन्होंने कहा कि तिथि 31 जुलाई को फतेहगढ़ चूड़ियां क्षेत्र में दस्तूर-ए-दस्तार की दुकान पर करीब 11:15 बजे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोलियां चलाई गई थी। उन्होंने कहा कि जिस दुकान पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोलियां चलाई गई थी उसके साथ ही परमिन्द्र सिंह की दुकान थी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए दस्तूर ए दस्तार दुकान के मालिक सिमरनजीत सिंह पुत्र गुरदीप सिंह निवासी रणसीके तला के बयानों के आधार पर थाना फतेहगढ़ चूड़ियां में केस दर्ज किया गया था।
एस.एस.पी बटाला ने बताया कि उनके द्वारा इस मामले की जांच हेतु एस.पी डी गुरप्रताप सिंह सहोता और डी.एस.पी फतेहगढ़ चूड़ियां की निगरानी में विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा इस मामले की गहराई से जांच करते हुए फतेहगढ़ चूड़ियां में दुकान पर गोली चलाने वाले व्यक्तियों रविन्द्र सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासी रोडे शाह कालोनी अमृतसर और हरप्रीत सिंह उर्फ हैपी पुत्र दविन्द्रपाल सिंह निवासी अमृतसर को अमृतसर से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा उक्त व्यक्तियों को माननीय अदालत में पेश करके उनका पांच दिन का रिमांड हासिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि रविन्द्र सिंह और हरप्रीत सिंह को अदालत में पेश करने के बाद जब पुलिस पार्टी उन्हें वापिस थाना फतेहगढ़ चूड़ियां लेकर जा रही थी कि गांव बुलोवाल के पास हरप्रीत सिंह उर्फ हैपी द्वारा पुलिस पार्टी से हथियार छीनने की कोशिश की गई जिसके बाद पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में हरप्रीत सिंह गोली लगने के चलते घायल हो गया जिसे इलाज हेतु बटाला के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है।
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा इस मामले में एक और व्यक्तियों को भी नामजद किया गया है जिसको गिरफ्तार करने हेतु पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे विदेश में बैठा जैसल चंबल का हाथ है जिसके द्वारा परमिन्द्र सिंह से फिरौती की मांग की जा रही थी और उसके कहने पर ही रविन्द्र सिंह और हरप्रीत सिंह द्वारा फतेहगढ़ चूड़ियां में गोलीकांड की वारदात को अंजाम दिया गया है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस द्वारा इस मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि बटाला पुलिस लोगों की जान माल की सुरक्षा हेतु प्रतिबद्ध है और पुलिस द्वारा समाज विरोधी तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ एस.पी गुरप्रताप सिंह सहोता, डी.एस.पी फतेहगढ़ चूड़ियां विपन कुमार, एस.एच.ओ फतेहगढ़ चूड़ियां प्रभजोत सिंह, इंस्पैक्टर अनिल पवार, एस.आई बलजीत सिंह आदि उपस्थित थे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...