Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

बटाला पुलिस स्टेशन ग्रेनेड हमला: गुरदासपुर से पकड़ा गया आरोपी, NIA करेगी आगे की जांच

July 28, 2025

बटाला पुलिस स्टेशन ग्रेनेड हमला: गुरदासपुर से पकड़ा गया आरोपी, NIA करेगी आगे की जांच

बटाला : पंजाब के बटाला स्थित किला लाल सिंह पुलिस थाने पर हुए ग्रेनेड हमले की गुत्थी सुलझती नज़र आ रही है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुरदासपुर से एक युवक करणवीर सिंह को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं को अपने घर में पनाह दी थी।

करणवीर की गिरफ्तारी इंदौर से पकड़े गए आतंकी आकाशदीप सिंह से पूछताछ के बाद हुई। पुलिस के अनुसार, करणवीर ने 7 अप्रैल को दो संदिग्ध आतंकियों के ठहरने की व्यवस्था अपने घर पर की थी। यही दोनों बाद में थाने में ग्रेनेड फेंककर फरार हो गए थे।

गिरफ्तार युवक की पहचान अमृतसर के चन्नाके गाँव निवासी 22 वर्षीय करणवीर सिंह के रूप में हुई है, जो केवल 12वीं तक पढ़ा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, करणवीर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के विदेशी हैंडलर से संपर्क में आया था। पूछताछ में उसने कबूला कि BKI के नेटवर्क के जरिए वह 2024 में पश्चिम एशिया के एक देश की यात्रा भी कर चुका है, जहाँ से उसे आतंकी हमले की ट्रेनिंग और फंडिंग मिली थी।

दिल्ली पुलिस पहले ही करणवीर के भाई गुरसेवक सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है, जो इस आतंकी साजिश में उसका साथी था। जांच एजेंसियों के अनुसार, दोनों भाई मिलकर BKI के इशारे पर देश में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। अब यह मामला राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दिया गया है, जो अंतरराष्ट्रीय आतंकी कनेक्शन की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन सेल’ अलर्ट पर

खालिस्तानी आतंकवाद को लेकर बढ़ते खतरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ‘ऑपरेशन सेल’ नाम की एक विशेष इकाई का गठन किया है। यह सेल सोशल मीडिया के माध्यम से भारत के युवाओं को बहकाकर आतंक की राह पर ले जाने वाले गिरोहों की निगरानी करेगी। खासतौर पर पाकिस्तान और कनाडा जैसे देशों से संचालित नेटवर्क इस सेल के रडार पर होंगे।

देशभर में बढ़ाई गई चौकसी

इस ताज़ा गिरफ्तारी के बाद खुफिया एजेंसियां और भी सतर्क हो गई हैं। पंजाब, दिल्ली, हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अब सोशल मीडिया और डिजिटल कम्युनिकेशन पर पैनी नजर रखे हुए है ताकि किसी भी तरह की आतंकी साजिश को समय रहते रोका जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें