Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

बठिंडा के विकास को 100 करोड़ की मंजूरी

September 25, 2026

बठिंडा के विकास को 100 करोड़ की मंजूरी

Bathinda Clears ₹100 Crore Development Works : बठिंडा। नगर निगम की जनरल हाउस बैठक में शहर के विकास से जुड़े करीब 100 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में बठिंडा को कनाडा के सर्रे शहर से सिस्टर सिटी के रूप में जोड़ने की पेशकश भी पास की गई। इसके अलावा पानी, सीवरेज, सड़क, पार्क, खेल सुविधाओं और रेन वाटर हार्वेस्टिंग से जुड़े कई प्रोजेक्टों को मंजूरी मिली।

बैठक के दौरान शहर के विकास से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई और करीब 100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई। बैठक के बाद जानकारी देते हुए मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने कहा कि बठिंडा मालवा क्षेत्र का ऐतिहासिक एवं प्रमुख शहर है, जबकि कनाडा के सर्रे शहर में बड़ी संख्या में पंजाबी भाईचारा निवास करता है। इसी को ध्यान में रखते हुए बठिंडा और सर्रे के बीच आपसी भाईचारे, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, व्यापार, शिक्षा तथा शहरी विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिस्टर सिटी समझौता स्थापित करने की पेशकश को जनरल हाउस में सर्वसम्मति से मंजूरी दी है।

उन्होंने कहा कि इस समझौते के माध्यम से दोनों शहरों के बीच शहरी योजनाबंदी और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। इसमें कचरा प्रबंधन, जलापूर्ति, सीवरेज व्यवस्था तथा स्मार्ट सिटी तकनीकों से संबंधित अनुभव एवं तकनीक साझा करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों, अध्यापकों, कलाकारों और युवाओं के आपसी दौरों के माध्यम से सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। मेयर ने कहा कि सिस्टर सिटी संबंधों के माध्यम से स्थानीय उद्योगों, कृषि आधारित कारोबार तथा निवेश के नए अवसरों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

साथ ही कनाडा में बसे प्रवासी भारतीय परिवारों का अपने पैतृक क्षेत्र बठिंडा के साथ जुड़ाव और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि यह पहल बठिंडा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। उन्होंने बताया कि जनरल हाउस की बैठक में गुरु नानक नगर, हरदेव नगर तथा खद्दर भंडार वाली गली में पानी के आरओ प्लांट लगाने का एजेंडा पास किया गया है। इसके साथ ही एसटीपी की पुरानी मशीनरी को बदलने का निर्णय लिया गया है। मेहना बस्ती और उधम सिंह नगर में नए डिस्पोजल लगाए जाएंगे, जिससे संबंधित क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि शहर में अलग-अलग स्थानों पर स्पोर्ट्स एरिना विकसित किए जाएंगे। शहर के पार्कों में बच्चों के लिए खेल उपकरण लगाए जाएंगे तथा पार्कों में ओपन एयर जिम स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा क्लॉक टावर निर्माण तथा सिवियां रोड पर नए पार्क के निर्माण संबंधी एजेंडे को भी मंजूरी दी गई। मेयर ने बताया कि हाजी रतन चौक के पास स्वागत गेट तथा टीचर कॉलोनी में एंट्री गेट बनाने संबंधी एजेंडे को भी हाउस ने मंजूरी दी है। वहीं जनता नगर में सुविधा केंद्र स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वीर कॉलोनी में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जाएगा तथा शहर में करीब 10 रेन वाटर रिचार्ज प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि भूजल संरक्षण और वर्षा जल को जमीन में रिचार्ज करने के लिए नगर निगम द्वारा भविष्य में भी इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। मेयर ने कहा कि धोबियाना बस्ती और रानी बाग में पहली बार सीवरेज तथा वाटर सप्लाई पाइपलाइन प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की जरूरत महसूस कर रहे क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही शहर की विभिन्न सड़कों के सौंदर्यीकरण, नई सड़कों के निर्माण, प्रीमिक्स कार्य, इंटरलॉकिंग टाइल्स, सीवर व वाटर सप्लाई तथा अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से संबंधित कई एजेंडों को भी हाउस द्वारा मंजूरी प्रदान की गई। मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल सड़कों और गलियों का निर्माण करना नहीं, बल्कि बठिंडा को एक आधुनिक, सुंदर, स्वच्छ और सुविधाजनक शहर के रूप में विकसित करना है।

इसी सोच के तहत जनरल हाउस में पानी, सीवरेज, सड़क, पार्क, खेल, पर्यावरण, वर्षा जल संरक्षण और शहरी सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव लाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हाउस के सभी सदस्यों के सहयोग से करीब 100 करोड़ रुपये के विकास एजेंडों को सर्वसम्मति से मंजूरी मिलना शहर के विकास के लिए सकारात्मक कदम है। नगर निगम द्वारा स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। बैठक के दौरान पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों से संबंधित विकास कार्यों को लेकर सुझाव रखे। मेयर ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार विकास कार्य करवाए जाएंगे तथा बठिंडा को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें