बठिंडा: बठिंडा शहर के सभी 50 वार्डों में आंगनवाड़ी सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बठिंडा के मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने आज बठिंडा अर्बन क्षेत्र की 14 आंगनवाड़ी हेल्परों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर मेयर पदमजीत सिंह मेहता के साथ डीपीओ पंकज कुमार तथा सीडीपीओ मैडम ऊषा भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने नवनियुक्त आंगनवाड़ी हेल्परों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने बताया कि जिला बठिंडा में कुल 424 आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं, जबकि बठिंडा अर्बन क्षेत्र में सभी 50 वार्डों में 174 आंगनवाड़ी केंद्र चल रहे हैं।
इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ-साथ पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
मेयर ने बताया कि बठिंडा अर्बन के 174 आंगनवाड़ी केंद्रों में से 14 स्थानों पर आंगनवाड़ी हेल्परों के पद खाली थे। इन पदों के लिए विभाग को कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए थे। विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदनों की जांच सहित तमाम प्रक्रिया पूरी करने के बाद आज योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं।
मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और हेल्पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक विकास पर विशेष ध्यान देना समाज के स्वस्थ एवं मजबूत भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने नवनियुक्त हेल्परों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों और परिवारों के साथ संवेदनशीलता से पेश आते हुए पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा आम लोगों तक सरकारी सुविधाओं को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विभिन्न विभागों में जरूरत के अनुसार खाली पदों को भरने की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि सरकारी सेवाओं का लाभ लोगों तक और बेहतर ढंग से पहुंच सके।
📍 Location: Bathinda

