Bathinda Police Bulldozer Action: बठिंडा: पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान को आज उस समय एक बड़ी कामयाबी मिली। जब पुलिस और प्रशासन ने बठिंडा की कुख्यात धोबियाना बस्ती में नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर निर्णायक कार्रवाई की। बठिंडा विकास प्राधिकरण (BDA) की जमीन पर कब्जा कर बनाए गए दो अवैध मकानों को बुलडोज़र चलाकर ढहा दिया गया।
-संयुक्त योजना के तहत चलाया अभियान
यह कार्रवाई सिविल प्रशासन और पंजाब पुलिस की संयुक्त योजना के तहत अंजाम दी गई। दोनों मकानों के मालिकों पर पहले से ही नशा तस्करी के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इससे पहले भी इसी इलाके में दो और मकान गिराए जा चुके हैं। पुलिस का मानना है कि ये अवैध निर्माण नशा कारोबार की रीढ़ बने हुए थे।
एसपी (डिटेक्टिव) जसमीत सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई राज्य सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट ड्रग्स’ नीति का हिस्सा है। “हमारा उद्देश्य सिर्फ तस्करों को पकड़ना नहीं, बल्कि उनकी जड़ों को भी खत्म करना है। यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक नशा तस्करी पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाती,” उन्होंने कहा।
-SDM बलकरण सिंह माहल ने दी जानकारी
एसडीएम बलकरण सिंह माहल ने भी स्पष्ट किया कि अब प्रशासन किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं करेगा। “पहले स्टाफ की कमी के कारण कार्रवाई में देरी होती थी, लेकिन अब यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी ढिलाई करता है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे,” उन्होंने कहा।
धोबियाना बस्ती बठिंडा में नशा तस्करी का एक बड़ा केंद्र मानी जाती है। यहां लंबे समय से नशा तस्करों का दबदबा रहा है, लेकिन हाल के महीनों में सरकार ने इस इलाके पर विशेष ध्यान देना शुरू किया है। बीडीए ने अवैध कब्जाधारियों को पहले ही नोटिस जारी कर चुका था, जिसके बावजूद निर्माण कार्य जारी थे। सरकार की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में उम्मीद की नई किरण जगी है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह सख्ती जारी रही, तो जल्द ही बठिंडा को नशे से आजादी मिल सकती है।

