बठिंडा: रेलवे स्टेशन के बाहर से चोरी हुए इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा को बठिंडा पुलिस की PCR टीम ने तुरंत ढूंढकर मालिक को सौंप दिया। ऑटो वापस मिलने से मालिक को बड़ी राहत मिली। वहीं उसकी रोजी-रोटी भी वापस आ गई।
जानकारी के मुताबिक, 12 नवंबर को अमित सिंह पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी गली नंबर 8, जनता नगर, बठिंडा ने अपना इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा रेलवे स्टेशन के बाहर पार्क किया था। वह सिर्फ पांच मिनट के लिए चाय पीने गया था, लेकिन जब वह वापस लौटा तो ऑटो वहां से गायब था। चूंकि ऑटो ही उसकी रोजी-रोटी का मुख्य जरिया था, इसलिए वह बहुत परेशान हो गया।
पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद PCR टीम ने तुरंत ऑटो की तलाश शुरू कर दी। ASI संजीव कुमार, ASI जसवीर सिंह, ASI पवन कुमार और सीनियर कांस्टेबल लवप्रीत सिंह ने इलाके में तलाशी ली और ह्यूमन सोर्स से भी जानकारी इकट्ठा की।
इसी बीच किसी राहगीर ने पुलिस को बताया कि एक सुनसान जगह पर बिना टायरों वाला इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ऑटो की जांच की और संबंधित कंपनी के स्टोर से जानकारी लेने के बाद उसकी पहचान अमित सिंह के ऑटो के रूप में की।
इसके बाद ऑटो मालिक से टायरों का इंतज़ाम करवाया गया और ऑटो को चालू हालत में लाकर उसे सौंप दिया गया। बठिंडा पुलिस की इस तुरंत कार्रवाई से एक मेहनती व्यक्ति को बड़ी राहत मिली और उसके परिवार का गुज़ारा फिर से चल गया।
📍 Location: Bathinda

