Bathinda police launch major crackdown on drug mafia : बठिंडा। पंजाब सरकार की ओर से राज्य को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘नशे के खिलाफ़ जंग’ (War on Drugs) अभियान के तहत बठिंडा पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। केवल नशे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर अब पुलिस अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी सख्त कार्रवाई कर रही है, जिससे कि नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ी जा सके।
नशे की कमाई पर शिकंजा
इसी कड़ी में बठिंडा के कैनाल कॉलोनी पुलिस स्टेशन की टीम ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए एक नशा तस्कर की करीब 35 लाख रुपये मूल्य की अवैध अचल संपत्ति को फ्रीज़ (जब्त) कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह संपत्ति नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय से बनाई गई थी। यह कार्रवाई न केवल नशा तस्करों के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है, बल्कि उन लोगों के लिए भी कड़ा संदेश है जो नशे के अवैध कारोबार के जरिये संपत्ति बनाने का प्रयास कर रहे हैं। पंजाब पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान और अधिक तेज किया जाएगा तथा नशे के कारोबार से अर्जित हर अवैध संपत्ति को कानून के दायरे में लाकर जब्त करने की कार्रवाई जारी रहेगी।
ड्रग माफिया पर कार्रवाई जारी : DS P
DSP (वन) अमृतपाल सिंह भाटी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि उक्त संपत्ति नशा तस्कर ने नशीले पदार्थों की तस्करी से हुई अवैध कमाई से बनाई थी। कानूनी कार्रवाई के बाद इस संपत्ति को फ्रीज़ कर दिया गया है, जिसके कारण अब आरोपी न तो इस संपत्ति को बेच पाएगा और न ही किसी और के नाम ट्रांसफर कर पाएगा। उन्होंने कहा कि बठिंडा पुलिस नशा तस्करों की अवैध संपत्ति के खिलाफ़ सख़्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है और नशे को खत्म करने के लिए भविष्य में भी कानून के अनुसार ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे नशे के खिलाफ़ इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें और नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी विश्वसनीय जानकारी तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।