
लुधियाना: भगवान वाल्मीकि जी द्वारा रचित पवित्र रामायण मर्यादा, सत्य, त्याग और धर्म का ऐसा ग्रंथ है, जो हजारों वर्षों से समाज को दिशा देता आ रहा है। भगवान वाल्मीकि जी ने दुनिया को संदेश दिया कि कोई भी व्यक्ति छोटा या बड़ा नहीं होता और प्रत्येक इंसान को समान सम्मान मिलना चाहिए।यह बात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने लुधियाना के भगवान वाल्मीकि जी मंदिर, किला मोहल्ला, शिवपुरी रोड में भगवान वाल्मीकि महाराज जी के पवित्र प्रकट दिवस को समर्पित समारोह में शामिल होने के दौरान कही। इस कार्यक्रम का आयोजन भगवान वाल्मीकि आदि धर्म समाज और बाबा साहिब दलित फोर्स पंजाब द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने समस्त संगत को भगवान वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के आयोजकों ने भी प्रदेश अध्यक्ष को विशेष रूप से सम्मानित किया और उनका आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, गुरदेव देबी, जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भगवान वाल्मीकि जी के दिखाए मार्ग पर चलने की जरूरत
अजयपाल दिशावर और सभी आयोजकों का धन्यवाद करते हुए ढिल्लों ने कहा कि यह दिन केवल किसी महापुरुष को याद करने का नहीं, बल्कि उनके संदेश को अपने जीवन में अपनाने का अवसर है। भगवान वाल्मीकि जी का जीवन हमें सिखाता है कि इंसान अपने जन्म से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से महान बनता है। उनका संदेश ही वास्तविक सामाजिक न्याय की नींव है। पंजाब को गुरुओं-पीरों की धरती बताते हुए उन्होंने कहा कि इस भूमि पर सदियों पहले ही आपसी भाईचारे और साझीवालता का पाठ पढ़ाया गया था। इस धरती पर वाल्मीकि समाज का योगदान सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि खेतों से लेकर शहरों की सफाई तक, सीमाओं की रक्षा से लेकर समाज सेवा तक, वाल्मीकि समाज ने हर क्षेत्र में मेहनत और ईमानदारी की मिसाल कायम की है, जिन हाथों ने हमारे शहरों को स्वच्छ रखा है, उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है, कोई एहसान नहीं।”
अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना हमारा लक्ष्य
भाजपा के संकल्प ‘सबका साथ, सबका विकास’ का उल्लेख करते हुए ढिल्लों ने कहा कि विकास तभी वास्तविक है, जब उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन प्रत्येक परिवार का अधिकार है। जब तक हर बच्चे के हाथ में किताब नहीं पहुंचती, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। समाज को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी ने समाज को जोड़ने का संदेश दिया था, तोड़ने का नहीं। उन्होंने संगत से भेदभाव की दीवारें गिराकर एक समान, सुरक्षित और खुशहाल पंजाब के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।
पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाना जरूरी
ढिल्लों ने कहा कि नशे की समस्या पंजाब को बर्बाद कर रही है और राज्य की युवा पीढ़ी हर दिन नशे की भेंट चढ़ रही है। युवाओं को इस संकट से बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने और राज्य को नशामुक्त बनाने के इस अभियान में भारतीय जनता पार्टी का साथ देने की अपील की।
📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)
मेष: दिन शुभ रहेगा...