Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब में बाढ़ से निपटने के लिए एक्शन मोड में मान सरकार, मंत्री आज करेंगे प्रभावित इलाकों का दौरा

August 21, 2025

पंजाब में बाढ़ से निपटने के लिए एक्शन मोड में मान सरकार, मंत्री आज करेंगे प्रभावित इलाकों का दौरा

Floods in Punjab: पंजाब में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। आपको बता दें कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में हालात का जायज़ा लेने और लोगों को राहत पहुँचाने के लिए कैबिनेट मंत्रियों को ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार का कहना है कि किसी भी हाल में प्रभावित लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और प्रशासनिक स्तर पर हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी।

मंत्रियों का ज़मीनी निरीक्षण

बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए कई कैबिनेट मंत्री अलग-अलग जिलों में जाकर हालात का जायज़ा लेंगे और ज़रूरी निर्देश देंगे। कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल फ़िरोज़पुर और तरनतारन जिलों का दौरा करेंगे। वे यहां बाढ़ से हुए नुकसान और बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे। वहीं कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया सुल्तानपुर लोधी का दौरा करेंगे और प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करेंगे। जबकि मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पट्टी क्षेत्र में जाकर बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित करेंगे और स्थानीय निवासियों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझेंगे। कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह कपूरथला में जिला अधिकारियों और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल कैंप की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

राहत व बचाव कार्य तेज

सरकारी सूत्रों के मुताबिक बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत सामग्री पहुँचाने, फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं। पशुओं के लिए चारे और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने पर भी ज़ोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री का निर्देश

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में हर संभव सहायता प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लगातार स्थिति पर नज़र रखें और राहत व पुनर्वास कार्यों में तेजी लाएं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें