
bibi-jagir-kaur-returns-to-shiromani-akali-dal : मोगा। शिरोमणि अकाली दल में वरिष्ठ नेताओं की वापसी का सिलसिला जारी है। पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा के बाद अब बीबी जागीर कौर के पार्टी में लौटने पर मोगा हलका इंचार्ज संजीत सिंह सन्नी गिल ने खुशी जताई। उन्होंने इसे संगठन की मजबूती का संकेत बताते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल की सरकार बनने का दावा किया।
पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा की घर वापसी के बाद अब बीबी जागीर कौर ने भी पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में शिरोमणि अकाली दल में दोबारा शामिल होकर घर वापसी की है। इन वरिष्ठ नेताओं की वापसी से पार्टी को नई मजबूती मिली है और कार्यकर्ताओं में भी नया उत्साह पैदा हुआ है। यह बात शिरोमणि अकाली दल के मोगा विधानसभा हलके के इंचार्ज संजीत सिंह सन्नी गिल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। सन्नी गिल ने कहा कि बीबी जागीर कौर पंजाब की राजनीति और शिरोमणि अकाली दल में एक महत्वपूर्ण स्थान रखती हैं।
उनके दोबारा पार्टी में शामिल होने से अकाली दल के संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल लगातार पार्टी को मजबूत करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। उनकी मेहनत अब रंग लाने लगी है और पार्टी से अलग हुए पुराने नेता भी दोबारा अकाली दल के साथ जुड़ रहे हैं। इससे आने वाले समय में पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनना तय है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग मौजूदा राजनीतिक हालात से परेशान हैं और अब राज्य में बदलाव चाहते हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार से प्रदेश का हर वर्ग दुखी है। सरकार के कार्यकाल में पंजाब विकास के मामले में पिछड़ता जा रहा है और युवाओं के सामने नशे की गंभीर समस्या बनी हुई है। सन्नी गिल ने कहा कि नशे का बढ़ता प्रकोप पंजाब की जवानी को बर्बाद कर रहा है। युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आकर अपनी जिंदगी गंवा रही है, जो पूरे प्रदेश के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पंजाब को इस संकट से बाहर निकालने और राज्य को फिर से विकास की राह पर लाने के लिए शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब की अपनी क्षेत्रीय पार्टी है, जो पंजाब के लोगों की भावनाओं और जरूरतों को समझती है। यह पार्टी पंजाब से चलती है, न कि दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से। उन्होंने दावा किया कि अकाली दल हमेशा पंजाब के हितों, किसानों, व्यापारियों, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज उठाता रहा है। सन्नी गिल ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी की सरकार को सत्ता से बाहर कर शिरोमणि अकाली दल को शासन की जिम्मेदारी सौंपेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अकाली दल की सरकार बनने पर पंजाब को नई दिशा दी जाएगी, विकास कार्यों को गति मिलेगी और राज्य को दोबारा देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं की घर वापसी अकाली दल के लिए शुभ संकेत है और पार्टी आने वाले चुनावों में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।