Site icon Dainik Savera Times

पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तरनतारन में कुख्यात गैंगस्टर प्रभ दासूवाल को एनकाउंटर के बाद किया गिरफ्तार

Tarn Taran: पंजाब के तरनतारन जिले के पट्टी इलाके में गुरुवार को एक बड़ी पुलिस कार्रवाई के दौरान कुख्यात गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के एक गुर्गे को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। वह हाल के दिनों में रंगदारी, धमकी और फायरिंग की कई घटनाओं में शामिल था। एनकाउंटर में गैंगस्टर को पैर में गोली लगी और उसे पट्टी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना उस समय घटी जब पुलिस को खुफिया सूचना मिली कि हाल ही में केमकरण पेट्रोल पंप, एक वकील की कार और सेंट कभी कॉन्वेंट स्कूल के बाहर फायरिंग करने वाला वांछित अपराधी पट्टी क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद तरनतारन पुलिस ने इलाके में सघन नाकेबंदी की और आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई। डीएसपी लवकेश सहित पुलिस टीम ने जैसे ही संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, आरोपी ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। मौके से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है, जो घटनाओं में इस्तेमाल की गई थी।

डीएसपी लवकेश ने मीडिया को बताया कि आरोपी सराली मंडा का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस को उसकी गतिविधियों की सूचना पहले से थी और उसी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। डीएसपी के अनुसार, आरोपी का नाम कई संगीन मामलों में दर्ज है और वह प्रभ दासूवाल गैंग के लिए काम करता है, जो पंजाब के सबसे कुख्यात गैंगस्टरों में से एक है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रंगदारी वसूली, जान से मारने की धमकी और गोलीबारी जैसे मामलों में शामिल था। एनकाउंटर के समय आरोपी के साथ कुछ और लोग भी थे, जो मौके से फरार हो गए। फिलहाल उनकी तलाश जारी है और पुलिस इलाके में तलाशी अभियान चला रही है।

Exit mobile version