Dainik Savera Times

Big Breaking : Sukhjinder Singh Randhawa ने विधायक पद से दिया इस्तीफा

गुरदासपुर: पंजाब के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने डेरा बाबा नानक सीट से विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष को भेज दिया गया है। वे गुरदासपुर से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे हैं। उन्होंने चुनाव में भाजपा के दिनेश बब्बू को हराया है। उन्हें 364043 वोट मिले हैं। फिलहाल वे राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी भी हैं।

2 विधायकों का इस्तीफा लंबित

इस बार कुल चार विधायकों ने लोकसभा चुनाव लड़ा था। इनमें डेरा बाबा नानक से कांग्रेस के विधायक सुखजिंदर सिंह रंधावा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और गिद्दड़बाहा विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, बरनाला से आप विधायक और मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर और कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए राज कुमार चब्बेवाल शामिल हैं।

इनमें से राज कुमार चब्बेवाल पहले ही अपना इस्तीफा अध्यक्ष को भेज चुके हैं। जबकि अब सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अपना इस्तीफा भेज दिया है। वहीं, बाकी बचे दो विधायकों को भी इस्तीफा देना होगा। इसके बाद स्पीकर चुनाव आयोग को इस बारे में जानकारी देंगे। इसके बाद चुनाव आयोग इन विधायकों की सीटों पर उपचुनाव कराने का फैसला लेगा। हालांकि, जालंधर वेस्ट सीट से विधायक शीतल अंगुराल ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले इस्तीफा दे दिया था। जहां अब चुनाव होने जा रहे हैं।

20 जून तक सभी को देना होगा इस्तीफा

कानूनी जानकारों के मुताबिक सांसद चुने गए सभी नेताओं को 20 जून से पहले इस्तीफा देना होगा। क्योंकि दोनों पद एक साथ नहीं हो सकते। अगर विधायक तय समय में इस्तीफा नहीं देते हैं तो उनकी लोकसभा सीट चुनाव आयोग द्वारा खाली मानी जाएगी।

क्योंकि ये लोग 4 जून 2024 को चुनाव जीते थे। इसके बाद सभी लोकसभा सांसदों के चुनाव से जुड़ी अधिसूचना 6 जून 2024 को भारत के राजपत्र में प्रकाशित हो चुकी है। उस अधिसूचना के 14 दिनों के अंदर इस्तीफे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

Exit mobile version