जालंधर : मकसूदां सब्जी मंडी में वीरवार देर रात स्थित ग्रॉसरी एंड मिल्क प्रोडक्ट बेचने वाले टाइगर एजैंसी के मालिक से लुटेरे दातर के बल पर साढ़े 7 लाख लूट ले गए। थाना एक की पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए टैक्निकल और मानवीय संसाधनों से जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में पुलिस के संदेह की सुई 4 दिन पहले काम से निकाले गए नशेड़ी नौकर पर आकर अटकी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
थाना एक के प्रभारी सब इंस्पैक्टर राजिंदर सिंह ने बताया कि मकसूदां सब्जी मंडी में ग्रॉसरी एंड मिल्क प्रोडक्ट बेचने वाले टाइगर एजैंसी के मालिक विक्की ने बताया कि मकसूदां सब्जी मंडी में उनकी 11 और 12 नंबर शॉप है। उन्होंने बताया कि रोजाना एजैंसी बंद करते हुए रात के 11 बज जाते हैं, मगर गुरुवार को काम ज्यादा होने के कारण ज्यादा लेट हो गए थे। रात करीब 12 बजे विक्की अपनी दुकान से करीब 20 कदम दूर अपनी एंडेवर कार में बैठने लगा। इस दौरान उन्होंने रुपए वाला बैग कार के अंदर रख दिया।
उन्होंने कार का गेट खोल कर अपने वर्कर को किसी काम से बुलाया था। इतने में एक युवक उनके पास आकर खड़ा हो गया। विक्की ने बताया कि पहले तो लगा कि उक्त लड़का उसका जानकार है, मगर फिर एकदम से उसने तेजधार हथियार निकाल लिया और हमला करने की धमकी देने लगा। इसके बाद तीन अन्य साथी भी आ धमके और कार के अंदर पड़ा पैसों वाला थैला लेकर फरार हो गए। थैले में करीब साढ़े 7 लाख रुपए कैश, मोबाइल और एजैंसी की कुछ चाबियां थीं।
आरोपी सब्जी मंडी के अंदर से टूटी हुई दीवार में बने छेद के जरिए निकले बाहर
विक्की ने बताया कि लूट के बाद वह चिल्लाते हुए काफी दूर तक लुटेरों का पीछा करते रहे मगर कुछ हाथ नहीं लगा। आरोपी सब्जी मंडी के अंदर से टूटी हुई दीवार में बने छेद के जरिए बाहर निकल गए और आगे एक बाइक पर बैठ कर फरार हो गए। वारदात के बाद तुरंत उसने मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम में दी। देर रात जांच के लिए थाना-1 की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मंडी में उसकी 11 नंबर दुकान है : एजैंसी मालिक विक्की
पीड़ित ने बताया कि मंडी में उसकी 11 नंबर दुकान है। विक्की ने बताया कि उनका कारोबार सिर्फ जालंधर तक सीमित नहीं है बल्कि उनका सामान बाहरी जिलों में भी जाता है। इसके चलते अक्सर गाड़ियों के साथ कैश आता रहता है इसलिए इतना कैश उनके पास था। विक्की ने पुलिस को बताया कि जो लुटेरा सबसे पहले आया था, उसने मास्क नहीं लगाया हुआ था जबकि जो तीन बाद में आए, उनके मुंह ढके हुए थे। आसपास के लोगों का कहना है कि तीन-चार युवक मुंह ढके हुए काफी देर से उनकी दुकान के आसपास घूम रहे थे। सभी की उम्र ज्यादा नहीं थी। पुलिस एरिया के सीसीटीवी खंगाल रही है।
जल्द ही टैक्निकल जांच के आधार पर लुटेरों को ट्रेस कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगाः सब इंस्पैक्टर राजिंदर सिंह
थाना प्रभारी सब इंस्पैक्टर राजिंदर सिंह के मुताबिक प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कारोबारी ने 4 दिन पहले ही अपने नशेड़ी नौकर को काम से निकाला था। ऐसी संभावना है कि इसी युवक ने साजिश रची हो सकती है क्योंकि जिस प्रकार वारदात को अंजाम दिया गया वारदात से पहले लुटेरों ने होमवर्क किया था क्योंकि तभी चंद मिनट में वारदात को अंजाम देकर निकल गए। लुटेरों को भली-भांति मालूम था कि कारोबारी रात 12 बजे के करीब एजैंसी बंद कर निकलता है और अकेला ही जाता है। ऐसे में बड़े ही संयोजित ढंग से वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारियों की मानें तो जल्द ही टैक्निकल जांच के आधार पर लुटेरों को ट्रेस कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

