अमृतसर: मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर शुरू किए नशा विरुद्ध अभियान तहत अमृतसर पुलिस ने कामयाबी हासिल की है। यहां सरहद पार के तस्करों को बड़ा झटका देते हुए पुलिस ने 10 किलो हेरोइन और एक ड्रोन सहित 2 सरगना गिरफ़्तार किए गए हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि सीमा पार मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता में अमृतसर देहाती पुलिस ने 2 ड्रग कार्टेल सरगनाओं को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 3 वर्षों से तस्करी में सक्रिय हैं।
DGP यादव ने कहा कि SSP स्वपन शर्मा के नेतृत्व वाली अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने इस ड्रग तस्करी कार्टेल का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है, जो ड्रोन का उपयोग कर के सीमा पार से आयात करके हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित राज्यों में तस्करी कर रहा था। उन्होंने कहा कि यूएसए निर्मित परिष्कृत ड्रोन तस्करों के पास से बरामद किया गया है, यह एक डीजेआई श्रृंखला का ड्रोन है, जिसकी कीमत 20 लाख रुपये है, जिसमें लंबे समय तक चलने वाली बैटरी बैकअप और इन्फ्रारेड-आधारित नाइट विजन कैमरा सहित हाई-टेक विशेषताएं हैं। उन्होंने कहा कि एक महीने से भी कम समय में बरामद किया गया यह पांचवां ऐसा ड्रोन है।
