Site icon Dainik Savera Times

Bikram Majithia आज नाभा जेल से होंगे रिहा, समर्थकों में उत्साह; पत्नी बोलीं- सच और विश्वास की जीत

Bikram Majithia did not get relief Supreme Court

Bikram Majithia did not get relief Supreme Court

पंजाब डेस्क: शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया आज 3 फरवरी को सुबह करीब 10:30 बजे नाभा जेल से रिहा होंगे। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई को लेकर अकाली समर्थकों में खासा जोश देखने को मिल रहा है।

मजीठिया की पत्नी गनीव कौर मजीठिया ने सोमवार शाम सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी साझा की। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि गुरु साहिब की असीम कृपा और न्याय व्यवस्था पर विश्वास के कारण आज सच की जीत हुई है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व, शुभचिंतकों और समर्थकों का आभार भी जताया।

जेल के बाहर जुट सकते हैं बड़ी संख्या में समर्थक

मजीठिया की रिहाई को लेकर नाभा जेल के बाहर समर्थकों के एकत्र होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, पटियाला और आसपास के इलाकों से अकाली कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंच सकते हैं। इसी को देखते हुए प्रशासन ने जेल परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

7 महीने से न्यायिक हिरासत में थे मजीठिया

बिक्रम मजीठिया करीब सात महीने से नाभा जेल में बंद थे। उन्हें आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत प्रदान की। मजीठिया के वकील के मुताबिक, अब ट्रायल कोर्ट जमानत की शर्तें तय करेगा।

ड्रग केस से अलग, मौजूदा मामला भ्रष्टाचार से जुड़ा

इस मामले की पृष्ठभूमि में पूर्व डीएसपी जगदीश सिंह भोला का नाम सामने आया था, जिसने पूछताछ के दौरान मजीठिया का उल्लेख किया था। हालांकि, ड्रग तस्करी से जुड़े आरोपों को अदालतों ने पहले ही खारिज कर दिया था। वर्तमान केस भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों पर आधारित है।

700 करोड़ की कथित अवैध संपत्ति का दावा

विजिलेंस ब्यूरो की चार्जशीट में करीब 700 करोड़ रुपये की कथित अवैध और बेनामी संपत्तियों का जिक्र किया गया है। जांच के दौरान पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में फैले 15 ठिकानों की तलाशी ली गई थी। चार्जशीट में कई राजनीतिक हस्तियों के बयान भी शामिल बताए जा रहे हैं।

25 जून को हुई थी गिरफ्तारी

तीन बार विधायक रह चुके मजीठिया को 25 जून 2025 को अमृतसर स्थित उनके आवास समेत 25 स्थानों पर की गई छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान विजिलेंस टीम ने डिजिटल डिवाइस, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त किए थे।

ये भी पढ़ें: आज मंगलवार के दिन कौन सी राशि को मिलेगी खुशखबरी तो किसके हाथ आएगी निराशा

पुलिस रिमांड और लंबी चार्जशीट

26 जून को मोहाली कोर्ट ने उन्हें 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था, जिसे बाद में 4 दिन और बढ़ाया गया। 6 जुलाई को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने रक्षा बंधन, दशहरा और दिवाली जैसे त्योहार जेल में बिताए।

22 अगस्त को विजिलेंस ब्यूरो ने करीब 40 हजार पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की, जिसमें 200 से अधिक गवाहों के बयान शामिल हैं। यह मामला 2013 में ईडी द्वारा उजागर किए गए कथित 6,000 करोड़ रुपये के सिंथेटिक ड्रग रैकेट से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

Exit mobile version