Free Aadhaar Update: बच्चों के आधार कार्ड से जुड़ी एक जरुरी सुविधा को लेकर अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) को 30 सितंबर 2027 तक निशुल्क कराने की सुविधा दी है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के आधार रिकॉर्ड को अपडेट रखना और भविष्य में आधार प्रमाणीकरण से जुड़ी परेशानियों को कम करना है।
बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट कराना क्यों जरूरी?
बच्चों की उम्र बढ़ने के साथ उनके शारीरिक लक्षणों में बदलाव होता है। खासतौर पर उंगलियों के निशान और आंखों की आइरिस में परिवर्तन के कारण पुरानी बायोमेट्रिक जानकारी कई बार सही तरीके से काम नहीं कर पाती। इसी को ध्यान में रखते हुए UIDAI ने बच्चों के लिए दो अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट निर्धारित किए हैं।
पहला अपडेट: 5 वर्ष की आयु पूरी होने पर।
दूसरा अपडेट: 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर।
इन अपडेट के दौरान बच्चों की उंगलियों के निशान, आइरिस और फोटो जैसी जानकारी को नए सिरे से दर्ज किया जाता है।
स्कूलों में लगाए जाएंगे आधार अपडेट कैंप
बच्चों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए UIDAI की ओर से स्कूलों में विशेष बायोमेट्रिक अपडेट कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से बच्चों का आधार अपडेट स्कूल परिसर में ही कराया जा सकेगा।
इससे माता-पिता को अलग से आधार केंद्र जाने की परेशानी नहीं होगी। अभिभावक अपने बच्चे के स्कूल के प्रिंसिपल या प्रशासन से संपर्क करके कैंप की तारीख और समय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
आधार अपडेट नहीं कराया तो हो सकती है परेशानी
बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर नहीं होने से भविष्य में आधार आधारित सेवाओं का इस्तेमाल करते समय प्रमाणीकरण संबंधी समस्याएं आ सकती हैं। इसका असर कई जरूरी कामों पर पड़ सकता है, जिनमें शामिल हैं:
-स्कूल और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाएं।
-प्रतियोगी परीक्षाओं में आधार प्रमाणीकरण।
-छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ।
-आधार से जुड़ी सरकारी और अन्य सेवाएं।
ये भी पढ़ें…
आधार सेवा केंद्र पर भी करा सकते हैं अपडेट
अगर स्कूल में विशेष कैंप की सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो माता-पिता नजदीकी आधार सेवा केंद्र या अधिकृत आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्र पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।

