जालंधर: जालंधर नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और करीब एक हजार करोड़ रुपये के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े कथित घोटाले की जांच को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। भाजपा पार्षद दल के नेता मंजीत सिंह टीटू की अध्यक्षता में पार्षद मीनू ढंड के निवास पर बैठक हुई, जिसमें भाजपा जिला प्रधान अशोक सरीन हिक्की विशेष रूप से शामिल हुए।
मंजीत सिंह टीटू ने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़ी फाइलों को दबाने के विरोध में 9 अक्टूबर को भाजपा पार्षद नगर निगम के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि शहरवासी खराब सीवरेज, गंदे पानी, टूटी सड़कों और स्ट्रीट लाइटों की कमी जैसी समस्याओं से परेशान हैं। भाजपा ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने और कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच की मांग की।
अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि भाजपा पार्षद जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेंगे। साफ पानी, बेहतर सीवरेज, सुरक्षित सड़कें और पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लोगों का अधिकार हैं। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान तक भाजपा संघर्ष जारी रखेगी।
बैठक में मीनू ढंड, अश्वनी ढंड, मंजीत कौर, तरविंदर सोई, अजय बबल, कंवर सरताज, अमित ढल्ल, रवि कुमार सहित अन्य नेता मौजूद रहे। मीनू ढंड और अश्वनी ढंड ने सभी नेताओं का चुनरी पहनाकर स्वागत किया। भाजपा के आरोपों पर सरकार और नगर निगम का पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका।
📍 Location: जालंधर सेंटर टाउन (जालंधर)

