मोगा: भारतीय जनता पार्टी की ओर से मोगा में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और युवाओं को पार्टी के साथ जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी के तहत युवा नेता विनय बोहत को भारतीय जनता युवा मोर्चा का सर्कल प्रधान नियुक्त किया गया है। भाजपा नेता डॉ. हरजोत कमल के नेतृत्व में विनय बोहत ने पार्टी में शामिल होकर संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। उनकी नियुक्ति को मोगा में भाजपा के युवा संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
भाजपा में शामिल होने के बाद विनय बोहत ने कहा कि वह काफी समय से पंजाब के राजनीतिक हालात और विभिन्न राजनीतिक दलों की कार्यप्रणाली पर नजर रख रहे थे। पंजाब को ऐसे राजनीतिक नेतृत्व की जरूरत है, जो प्रदेश के विकास, युवाओं के भविष्य, रोजगार के अवसरों और आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता दे। उनके अनुसार भारतीय जनता पार्टी की नीतियां और विकास को लेकर उसकी सोच पंजाब को दोबारा खुशहाली और तरक्की के रास्ते पर ले जाने की क्षमता रखती है। इसी विश्वास के चलते उन्होंने भाजपा के साथ जुड़ने का फैसला किया है।
विनय बोहत ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी की ओर से जनता को बड़े-बड़े वादे और उम्मीदें दिखाई गई थीं, लेकिन आज लोगों को उन वादों के अनुरूप परिणाम नहीं मिल रहे। चुनाव के समय किए गए वादों और जमीनी स्तर पर दिखाई दे रही स्थिति के बीच अंतर होने के कारण आम जनता में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, कारोबार के अवसर और बेहतर भविष्य देने के लिए ठोस नीतियों की आवश्यकता है।
इस अवसर पर डॉ. हरजोत कमल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि आज मुख्यमंत्री को होर्डिंग लगाकर यह बताना पड़ रहा है कि वह ‘लोकां दे सीएम’ हैं। यह स्थिति अपने आप में कई सवाल खड़े करती है। यदि मुख्यमंत्री का जनता के साथ सीधा जुड़ाव मजबूत होता और वह लगातार लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करते, तो उन्हें होर्डिंग के माध्यम से अपनी पहचान बताने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य युवाओं को केवल पार्टी के साथ जोड़ना ही नहीं, बल्कि उन्हें संगठन में जिम्मेदारियां देकर नेतृत्व करने के अवसर प्रदान करना भी है। युवा किसी भी राजनीतिक संगठन की रीढ़ होते हैं और उनकी ऊर्जा, सोच तथा मेहनत से संगठन को नई दिशा मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि विनय बोहत अपनी जिम्मेदारी पूरी मेहनत, लगन और ईमानदारी से निभाएंगे तथा मोगा में युवा मोर्चा की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने में योगदान देंगे। आने वाले समय में युवाओं को पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाने के लिए अभियान चलाए जाएंगे तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन के साथ जोड़ा जाएगा।
इस मौके पर अमित गुप्ता, धीरज कुमार शर्मा, कुलभूषण जैदका, जिला प्रधान गुरबीर सिंह रटौल, जिला जनरल सचिव रुद्र शर्मा, प्रेम कुमार, हरकृष्ण बोहत, महेश बोहत, हरीश चन्नी, आनंद बोहत, अनिल बोहत, सुशील कुमार, सोनू बोहत, प्रिंस चांवरिया, साहिल कुमार, वीरू, सुमित, अक्षय बोहत, भाऊ मोगा, यशपाल, अर्जुन चांवरिया, मोहित सौदा, रोहन सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे।
📍 Location: मोगा

