Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना में युवक की हत्या पर BJP नेता रजनीश धीमान ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल, सरकार से कार्रवाई की मांग

लुधियाना: लुधियाना में बदमाशों द्वारा एक घर में घुसकर युवक शक्ति सिंह भूरा का हाथ काट देने और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो जाने की दुखद घटना की कड़ी निंदा करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महासचिव रजनीश धीमान ने कहा कि पंजाब में अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो गया है। राज्य में सरकार और कानून नाम की कोई चीज दिखाई नहीं देती।

रजनीश धीमान ने सवाल उठाया कि पंजाब में अपराधियों के मन से कानून का डर क्यों खत्म होता दिखाई दे रहा है? आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? क्या सरकार केवल घटनाएं होने के बाद बयान देने तक ही सीमित रह गई है? उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले को आपसी रंजिश से जोड़कर देख रही है, लेकिन आपसी रंजिश किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने और किसी की जान लेने का अधिकार नहीं देती। हर गंभीर अपराध की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

धीमान ने मांग की कि सरकार इस मामले में पुलिस कार्रवाई की निगरानी करे, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए और शहर में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को यह भरोसा मिलना चाहिए कि उनकी जान और सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है। रजनीश धीमान ने कहा कि यदि लोग अपने घरों के भीतर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो सरकार द्वारा कानून-व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने एक परिवार से उसका युवा बेटा छीन लिया है। सरकार को मामले की गंभीरता समझते हुए जवाबदेही तय करनी चाहिए।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

Exit mobile version