रूपनगर : भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने रूपनगर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रोपड़ में आयोजित INNOPreneur 2026 कार्यक्रम में शिरकत की। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पंजाब की आप सरकार पर नशे, गैंगवार, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले आप ने पंजाब को नशा मुक्त, चिट्टा मुक्त, गैंगवार मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के वादे किए थे, लेकिन उनके अनुसार प्रदेश में ये समस्याएं कम होने के बजाय बढ़ी हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि पंजाब में पुलिसकर्मी, व्यापारी, खिलाड़ी और गायक तक सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब समाज के विभिन्न वर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं हैं, तो प्रदेश में सुरक्षित कौन है? उन्होंने नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले लोगों पर कथित हमलों का मुद्दा भी उठाया और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े किए। भाजपा सांसद ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की ईमानदारी को लेकर लगाए जा रहे पोस्टरों और होर्डिंग्स पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री को अपनी ईमानदारी का प्रचार करना पड़ रहा है, तो इससे सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने तलवंडी मोर्चे का जिक्र करते हुए भी सवाल उठाया कि सरकार को संबंधित लोगों तक पहुंचने में इतना समय क्यों लगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा की रणनीति पंजाब को नशा मुक्त बनाने और विकास की राह पर आगे ले जाने की है। राहुल गांधी के पंजाब दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि उनके कदम जहां पड़ते हैं, वहां भाजपा की जीत होती है। उन्होंने इसे पंजाब में भाजपा के लिए सकारात्मक संदेश बताते हुए कहा कि पार्टी राज्य में भी सरकार बनाए।

