अमृतसर: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अमृतसर के उत्तरी विधानसभा के इंचार्ज सुखमिंदर सिंह पिंटू द्वारा एक विशेष ‘वरिष्ठ नागरिक मिलन सम्मेलन’ का आयोजन उत्तरी विधानसभा में किया गया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों, सामाजिक दिग्गजों और बुजुर्गों के अनुभवों का मार्गदर्शन प्राप्त करना तथा 2027 के चुनावों के लिए धरातल पर संगठनात्मक रणनीति तैयार करना रहा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सलिल कपूर विशेष रूप से उपस्थित हुए।
सुखमिंदर सिंह पिंटू ने इस संबंध में जारी अपनी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में पार्टी को मजबूत करने, विशेषकर उत्तरी विधानसभा की सीट पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर संवाद स्थापित करने का आह्वान किया है। वरिष्ठ नागरिक समाज का मार्गदर्शन करने वाले स्तंभ हैं। 2027 का चुनाव पंजाब में समृद्धि, विकास और सुरक्षा के एजेंडे पर लड़ा जाएगा, जिसमें हमारे बुजुर्गों का आशीर्वाद और अनुभव निर्णायक साबित होगा। वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव और युवा कार्यकर्ताओं को उनसे मार्गदर्शन चुनाव में पार्टी का मुख्य आधार बनेगा।
सुखमिंदर सिंह पिंटू ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जैसे आयुष्मान भारत योजना, वरिष्ठ नागरिक पेंशन और अन्य केंद्रीय योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। सम्मेलन के दौरान समाज और संगठन में अपना अमूल्य योगदान देने वाले बुजुर्गों को सम्मानित भी किया गया है। इस सम्मेलन में भाजपा सीनियर सिटीजन सैल के कार्यकर्ता, पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, उत्तरी विधानसभा के पांचों मंडल अध्यक्ष, मंडलों के वरिष्ठ पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।

