Site icon Dainik Savera Times

PM Modi के 12 साल के कार्यकाल पर भाजपा ने निकाली इलैक्ट्रिक दोपहिया रैली

संगरूर : भारतीय जनता पार्टी जिला संगरूर-2 की ओर से जिला अध्यक्ष दामन बाजवा के नेतृत्व में और भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष संदीप शर्मा की विशेष अगुवाई व सक्रिय भागीदारी से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 अति सफल वर्षों को समर्पित एक अनूठी और अनोखी इलेक्ट्रिक बाइक एवं स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दामन बाजवा ने कहा कि यह भाजपा और देश के हर नागरिक के लिए बहुत ही हर्ष और गौरव का विषय है कि 10 जून 2026 को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देश की जनता द्वारा मोदी जी के नेतृत्व, नीतियों और विकास के एजेंडे पर प्रकट किए गए लगातार विश्वास का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए ही संगरूर-2 भाजपा द्वारा यह अनूठी इलेक्ट्रिक दोपहिया रैली आयोजित की गई। दामन बाजवा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों के दौरान मोदी सरकार ने देश के विकास के लिए लाखों ऐतिहासिक परियोजनाएं पूरी की हैं।
सुनाम-ऊधम सिंह वाला में 8 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बना नया अंडरब्रिज इस विकास का एक प्रमुख उदाहरण है।

इसी तरह वार्ड नंबर 20 (पुराना वार्ड नंबर 13) में बन रहा वाटर रिजूवेनेशन पार्क, जिसकी लागत का लगभग आधा हिस्सा केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी हमेशा पर्यावरण सुरक्षा और ईंधन की न्यूनतम खपत का संदेश देते आए हैं। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए जिला भाजपा संगरूर-2 ने लगभग 100 इलेक्ट्रिक स्कूटरों और बाइकों की रैली निकालकर न केवल मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया, बल्कि स्वच्छ और हरित ऊर्जा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दर्शाई। इस मौके पर हाल ही में हुईं सुनाम नगर कौंसिल चुनावों में भाजपा की टिकट पर जीत हासिल करने वाली पार्षद मोनिका गोयल और पार्षद मीना रानी का विशेष सम्मान भी किया गया।

जिला अध्यक्ष दामन बाजवा ने दोनों विजेता पार्षदों को बधाई दी। दामन बाजवा ने कहा कि यह पहल पंजाब की राजनीति में अपने आप में पहली पहल है और किसी भी राजनीतिक पार्टी द्वारा इस तरह की पूरी तरह इलेक्ट्रिक दोपहिया रैली पहले नहीं निकाली गई। यह रैली मोदी सरकार के विकास, पर्यावरण सुरक्षा, नई तकनीक और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक बनी। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।

Exit mobile version