Site icon Dainik Savera Times

डॉ. हरजोत कमल बोले- सराभा का बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

BJP Pays Tribute to Martyr Kartar Singh Sarabha : मोगा। भारतीय जनता पार्टी जिला मोगा की ओर से महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम सरदार करतार सिंह सराभा का शहीदी दिवस श्रद्धा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।

जिला भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पमालाएं अर्पित कर नमन किया। इस दौरान डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि मात्र 19 वर्ष की आयु में देश की आजादी के लिए फांसी का फंदा चूमने वाले सराभा का बलिदान युवा पीढ़ी के लिए साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहीद करतार सिंह सराभा के चित्र पर पुष्पमालाएं अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश की आजादी के लिए उनके द्वारा दिए गए अतुलनीय बलिदान को याद किया।

इस अवसर पर डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि शहीद सरदार करतार सिंह सराभा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के उन महान क्रांतिकारियों में से एक थे, जिन्होंने बेहद छोटी आयु में ही देश को अंग्रेजी हुकूमत की गुलामी से मुक्त करवाने का संकल्प लेकर अपना पूरा जीवन राष्ट्र के नाम समर्पित कर दिया। उनके भीतर देशभक्ति का जज्बा, अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का साहस और मातृभूमि के प्रति अटूट प्रेम था। उन्होंने कहा कि सराभा ने अपने जीवन से यह साबित किया कि देश के प्रति समर्पण और आजादी की भावना उम्र की मोहताज नहीं होती। डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि करतार सिंह सराभा का नाम भारतीय इतिहास में हमेशा स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने युवावस्था में ही अंग्रेजी शासन के खिलाफ क्रांतिकारी गतिविधियों में भाग लेकर देशवासियों में आजादी की चेतना जगाने का कार्य किया।

गदर आंदोलन से जुड़कर उन्होंने देश को स्वतंत्र करवाने के लिए संघर्ष किया और अंततः मात्र 19 वर्ष की आयु में 16 नवंबर 1915 को लाहौर सेंट्रल जेल में फांसी के फंदे को चूमकर देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि शहीद सराभा का बलिदान केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए देशप्रेम, साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश है। आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, वह हमारे महान शहीदों के संघर्ष और कुर्बानियों का परिणाम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य बनता है कि वह शहीदों के सपनों का भारत बनाने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को शहीदों के जीवन, उनके संघर्ष और विचारधारा से परिचित करवाना समय की आवश्यकता है।

युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और विकास के लिए काम करना चाहिए। यही महान शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान जिला भाजपा के महासचिव राजपाल ठाकुर, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष लखवंत सिंह सफूवाला, एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष सतिंदरप्रीत सिंह, युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष राजन सूद, सर्कल अध्यक्ष संजीव सोनू शर्मा, धीरज शर्मा एवं सतनाम महेशरी, जिला कार्यकारिणी सदस्य कशिश धमीजा, युवा मोर्चा के जिला महासचिव रुद्र शर्मा एवं वरुण जैदका, अमरजीत थम्मणवाला, चरणजीत सिंह, इशारा सिंह, बिंदर सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Exit mobile version