BJP Protest Forces MC to Clear Garbage Dump : मोगा। बस्ती गोविंदगढ़ में वार्ड नंबर 4 और 5 को जाने वाली मुख्य सड़क पर लंबे समय से लगे कचरे के ढेर को नगर निगम ने हटा दिया है। भाजपा के विरोध प्रदर्शन के बाद हुई कार्रवाई पर जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने संतोष जताते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों पर पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
इस मामले को लेकर डॉ. हरजोत कमल के दिशा-निर्देशन में एक दिन पहले मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल कचरा हटवाने और क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई थी। भाजपा के प्रदर्शन के बाद नगर निगम प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे जमा कचरे के ढेर को हटवा दिया और पूरे स्थान की सफाई करवाई। डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर भाजपा चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का हल्ला बोल अभियान शहर के विभिन्न वार्डों में जारी रहेगा और जहां भी लोगों को मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, वहां प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सफाई, सीवरेज, टूटी सड़कों, पेयजल अथवा अन्य नागरिक समस्याओं की जानकारी भाजपा तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की आवाज बनकर समस्याओं को प्रशासन के सामने उठाएगी और उनके समाधान के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

