Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल में लॉटरी के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, जयराम ठाकुर बोले- नई पीढ़ी को बर्बाद करेगा सरकार का फैसला

September 2, 2026

हिमाचल में लॉटरी के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, जयराम ठाकुर बोले- नई पीढ़ी को बर्बाद करेगा सरकार का फैसला

शिमला: हिमाचल में लॉटरी शुरू करने के फैसले के खिलाफ भाजपा विधायकों ने बुधवार को विधानसभा के बाहर धरना दिया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार का ये फैसला प्रदेश की नई पीढ़ी को बर्बाद करेगा। इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए। हिमाचल देवभूमि है, यहां के लोग ऐसी प्रवृत्तियों से दूर रहते हैं। सरकार आर्थिक तंगी का बहाना बनाकर राजस्व के नाम पर नए कर लगा रही है और अब लॉटरी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि लॉटरी से आदत नहीं लगेगी, ये सिर्फ भाग्य का खेल है। इससे बड़ा मजाक और क्या हो सकता है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश पहले ही नशे की चपेट में है, चिट्टा गांव-गांव तक पहुंच गया है। ऐसे में लॉटरी एक और लत को बढ़ावा देगी। पहले भी हिमाचल में लॉटरी से कई परिवार बर्बाद हुए। लोगों की जमीन-घर तक बिक गए, कई लोग कर्ज के कारण आत्महत्या को मजबूर हुए। 1999 के बाद प्रदेश इस लत से बाहर निकला था। सरकार को सोचना चाहिए कि लोगों को मेहनत का फल मिले, न कि हजारों लोगों का पैसा एक आदमी के भाग्य के नाम पर डूब जाए।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने भांग की खेती वैध करने की बात कही है, लेकिन आय को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं किया। इसके लिए बनी समिति का काम अध्ययन और दौरा करना था, उसने वैध करने की ऐसी कोई सिफारिश नहीं की थी।

सरकार भांग की खेती को लेकर भी सदन में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाई है। कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरी और पांच साल में पांच लाख रोजगार का वादा किया था। आज तक युवा इंतजार में हैं। भाजपा सरकार में सरकारी कर्मचारियों की संख्या करीब 1.90 लाख थी, जो अब घटकर 1.72 लाख रह गई है। सरकारी नौकरियां लगातार घट रही हैं। कर्मचारी-पेंशनर रोज धरने पर हैं। सरकार खुद को कर्मचारी हितैषी बताती है, लेकिन कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं हो रहीं। पेंशनर, HRTC और HPTDC के कर्मचारी परेशान हैं। भाजपा बेरोजगारी पर सदन के अंदर भी सरकार को घेर रही है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें