Site icon Dainik Savera Times

650 करोड़ खर्च, फिर भी प्रदूषण बरकरार : भाजपा

BJP Protests Over Ludhiana’s Garbage Crisis, Buddha Dariya Pollution : लुधियाना। शहर में गंदगी और कूड़े के ढेरों तथा बुड्ढा दरिया की बदहाल स्थिति को लेकर भाजपा ने जिला प्रधान सुनील मोदगिल के नेतृत्व में आप सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आत्म नगर और लुधियाना उत्तरी हल्के में रोष प्रदर्शन कर भाजपा नेताओं ने बुड्ढा दरिया के कायाकल्प पर खर्च किए गए 650 करोड़ रुपये पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद दरिया प्रदूषण मुक्त नहीं हुआ और शहर की सफाई व्यवस्था भी बदहाल है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आत्म नगर और लुधियाना उत्तरी हल्के में प्रदर्शन कर सरकार की सफाई व्यवस्था और बुड्ढा दरिया के कायाकल्प के नाम पर खर्च किए गए 650 करोड़ रुपये को लेकर सवाल उठाए। आत्म नगर हल्के में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों तथा गंदगी के गंभीर मुद्दे को लेकर रोष व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और लोगों को गंदगी से निजात दिलाने की मांग की। वहीं, लुधियाना उत्तरी हल्के में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुड्ढा दरिया की सफाई और कायाकल्प के लिए खर्च किए गए 650 करोड़ रुपये के कथित दुरुपयोग को लेकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान भाजपा जिला प्रधान सुनील मोदगिल ने आम आदमी पार्टी सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि बुड्ढा दरिया की सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन आज भी दरिया में प्रदूषण का स्तर कम नहीं हुआ है और गंदा पानी सतलुज नदी में जा रहा है। सुनील मोदगिल ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद बुड्ढा दरिया को प्रदूषण मुक्त करने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन धरातल पर स्थिति में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि बुड्ढा दरिया की सफाई को लेकर आप सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल और अन्य विधायकों द्वारा भी अधिकारियों तथा नगर निगम कमिश्नर की कार्यशैली पर कड़ा रोष जताया जा चुका है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद डेयरियों के गोबर और औद्योगिक कचरे (एफ्लुएंट) को दरिया में जाने से पूरी तरह रोकने में सरकार नाकाम रही है। यही कारण है कि बुड्ढा दरिया की पानी की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब इतना भारी बजट खर्च किया गया, तो फिर दरिया आज भी प्रदूषण की मार क्यों झेल रहा है और शहरवासियों को गंदगी तथा बदबू से राहत क्यों नहीं मिली। जिला प्रधान ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को साफ-सुथरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज लुधियाना की हालत सरकार के दावों की पोल खोल रही है। शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर और बुड्ढा दरिया की बदहाल स्थिति सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की आवाज बनकर जनहित के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार, बुड्ढा दरिया को प्रदूषण मुक्त बनाने और जनता को गंदगी से राहत दिलाने के लिए भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए बुड्ढा दरिया के प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और खर्च किए गए करोड़ों रुपये का हिसाब जनता के सामने रखा जाए। इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री प्रवीण बंसल, जिला महामंत्री हर्ष शर्मा, शीनू चुघ, कैलाश चौधरी, उपाध्यक्ष सुमित टंडन, संजय गोसाईं, महेश शर्मा, सरदार सरबजीत सिंह काका, सरदार नरेंद्र सिंह मल्ही, गुरदीप सिंह गोशा, खांची बॉबी जिंदल, प्रेस सचिव डॉक्टर सतीश कुमार, अमित नागी, सीमा शर्मा, पार्षद सुमन वर्मा, मुकेश साहनी, युवा मोर्चा के कोषाध्यक्ष सचिन मोदगिल तथा मंडलों/सर्किलों के प्रधान अशोक राणा, चिराग अरोड़ा, केशव गुप्ता, अमित शर्मा, नवीन वडेरा, राजेश्वरी गोसाईं, राजिंदर शर्मा,प्रदीप पंछी,यशपाल वर्मा,नीतीश धवन,दीपू शर्मा,मनोज आहुजा,संजीव शर्मा,भूपिंदर शर्मा सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता रोष प्रदर्शन में शामिल हुए।
Exit mobile version