लुधियाना: भारतीय जनता पार्टी लुधियाना के जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल ने प्रेस वार्ता की जिसमें भाजपा प्रदेश महामंत्री जीवन गर्ग भी शामिल हुए। प्रेस वार्ता में आम आदमी पार्टी सरकार एवं नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल ने नगर निगम में आउटसोर्स के माध्यम से रखे गए 1208 सफाई कर्मचारियों की भर्ती और उनकी कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए और जांच की मांग करते है।
सुनील मौदगिल ने कहा कि नगर निगम द्वारा 1208 सफाई कर्मचारियों को आउटसोर्स आधार पर नियुक्त किया गया है, लेकिन हैरानी की बात है कि ये कर्मचारी कहां और किन वार्डों में सफाई का काम कर रहे हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी किसी के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों को अलग-अलग सिस्टम के तहत रखा गया है और नगर निगम के खजाने से हर महीने करोड़ों रुपये वेतन के रूप में खर्च किए जा रहे हैं। इसके बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नजर नहीं आ रहा।
उन्होंने कहा कि यह भी गंभीर विषय है कि सत्ताधारी दल के पार्षदों तक को यह जानकारी नहीं है कि उनके वार्डों में कितने आउटसोर्स सफाई कर्मचारी काम कर रहे हैं। यदि नगर निगम में 1208 सफाई कर्मचारी तैनात हैं, तो फिर शहर के अधिकांश इलाकों में गंदगी और सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति क्यों है?
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले को पंजाब स्तर पर उठाकर इसकी पूरी जांच करवाने की मांग करते है। उन्होंने कहा कि नगर निगम से 1208 आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की पूरी सूची, उनके नाम, वार्ड, ड्यूटी स्थल और नियुक्ति से संबंधित रिकॉर्ड मांगा जाएगा, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
सुनील मौदगिल ने कहा कि आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों को एस.एस. प्रोवाइड एजेंसी के माध्यम से रखा गया है। नगर निगम एवं संबंधित एजेंसी से कर्मचारियों की सूची दो बार मांगी जा चुकी है। यदि संबंधित एजेंसी द्वारा सूची उपलब्ध करवाने में आनाकानी की जाती है तो भाजपा इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों से कथित तौर पर डेढ़ से दो लाख रुपये लेकर आउटसोर्स सफाई कर्मचारी के रूप में भर्ती करवाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इन सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में भाजपा की सरकार बनने पर इस पूरे मामले की गहन जांच करवाई जाएगी और यदि किसी नगर निगम अधिकारी या अन्य व्यक्ति की मिलीभगत सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा इस मुद्दे को लेकर 6 अक्टूबर को मेयर हाउस में होने वाली एफ एंड सीसी की बैठक के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और नगर निगम प्रशासन से 1208 सफाई कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा पार्षद दल की नेता पूनम रतड़ा, उपनेता रोहित सिक्का, जिला महामंत्री हर्ष शर्मा, शीनू चुघ, कैलाश चौधरी, प्रेस सचिव डा.सतीश कुमार, सचिव विक्की सहोता,ललित चौहान मौजूद थे।
📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)
मेष: दिन शुभ रहेगा...