BJP Slams AAP Government Over Delay in Ludhiana E-Bus Project : लुधियाना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने केंद्र सरकार की ‘प्रधानमंत्री ई-बस सेवा’ योजना के तहत लुधियाना शहर को आवंटित 100 इलेक्ट्रिक बसों के लिए नगर निगम द्वारा तीन साल बीत जाने के बावजूद बस डिपो तैयार न किए जाने पर ‘आप’ सरकार और निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।
सरीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने शहर में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को पटरी पर लाने और प्रदूषण घटाने के लिए तीन साल पहले ही बजट मंजूर कर दिया था, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार की घोर सुस्ती और इंजीनियरिंग शाखा की नालायकी के कारण नवंबर 2026 की तय डेडलाइन बीतने के बाद भी एक भी डिपो पूरा नहीं हो सका। अनिल सरीन ने तथ्य साझा करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट के तहत 100 ई-बसों के लिए दो डिपो बनने थे—घोड़ा रोड कॉलोनी में 70 बसों की क्षमता वाला डिपो (लागत 12.33 करोड़ रुपये) और हंबड़ां रोड पर 30 बसों वाला डिपो (लागत 5.82 करोड़ रुपये)। दोनों जगह शेड, चार्जिंग स्टेशन, वर्कशॉप और प्रशासनिक बुनियादी ढांचा नवंबर तक तैयार होना था।
हैरानी की बात है कि घोड़ा कॉलोनी डिपो का महज 20 प्रतिशत काम ही हुआ है और पिछले कई महीनों से काम पूरी तरह ठप पड़ा है। दूसरी तरफ हंबड़ां रोड डिपो की समय-सीमा बीतने के बाद अब अधिकारी दिसंबर के अंत तक काम पूरा करने के झूठे दिलासे दे रहे हैं। *चंडीगढ़ में बसें चल रहीं, लुधियाना में रूट और स्टॉपेज भी तय नहीं* प्रदेश महासचिव ने तुलना करते हुए कहा कि इसी केंद्रीय योजना के तहत राजधानी चंडीगढ़ में इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर सफलतापूर्वक दौड़ रही हैं, लेकिन पंजाब के सबसे बड़े औद्योगिक शहर लुधियाना को ‘आप’ सरकार के अयोग्य शासन के कारण प्रदूषण और ट्रैफिक जाम के रहमो-करम पर छोड़ दिया गया है।
152 किलोमीटर के 7 प्रस्तावित रूटों पर बसों के संचालन, स्टॉपेज, टाइम-टेबल और ई-रिक्शा के साथ तालमेल का अभी तक कोई खाका तैयार नहीं किया गया। सरीन ने मांग की कि प्रोजेक्ट में देरी करने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जाए, दोनों डिपो का निर्माण युद्ध स्तर पर पूरा करके लुधियाना वासियों को 100 ई-बसों की सुविधा तुरंत मुहैया करवाई जाए।

