Site icon Dainik Savera Times

PM Modi के प्रस्तावित दौरे से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का जायजा लिया

जालंधर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जालंधर दौरे से पहले तैयारियों ने पूरी रफ्तार पकड़ ली है। इसी कड़ी में बुधवार शाम भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन और स्टेशन के बाहर बनाए जा रहे समारोह स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। शाम करीब 6:40 बजे केवल सिंह ढिल्लों के जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचने पर वरिष्ठ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस दौरान स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी संख्या में तैनाती रही। निरीक्षण के दौरान केवल सिंह ढिल्लों ने स्टेशन परिसर का दौरा करते हुए प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन के बाहर बनाए जा रहे पंडाल, मंच, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही अधिकारियों से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, आम लोगों की आवाजाही और कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। मीडिया से बातचीत करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का आधुनिक स्वरूप प्रदेश के लिए गर्व की बात है। पुराने रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर नया रूप दिया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी पंजाब आते हैं, प्रदेश के लिए बड़े-बड़े विकास परियोजनाओं की सौगात लेकर आते हैं। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि आने वाले समय में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। ढिल्लों ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पंजाब के चार रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे, जिनमें जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि यात्रियों को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं, प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए रेलवे, पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं।

इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट अमित तनेजा,पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, पूर्व विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़, पूर्व विधायक जगबीर बराड़, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दविंदर भारद्वाज व मनीष विज, जिला सचिव गौरव महे, दविंदर कालिया, जिला महामंत्री अमरजीत सिंह गोल्डी, जिला महामंत्री राजेश कपूर, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विपन सभरवाल, अनिल सच्चर, अमरजीत सिंह अमरी, भाजपा लोकल बड़ी सेल के जिला अध्यक्ष मनीष सहगल, हरीश सहगल,भगवंत प्रभाकर, अजय जोशी, नरेश दीवान व बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

 

Exit mobile version