
BJP Targets Punjab Government Over Moga Firing : मोगा। अंगदपुरा इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना के बाद पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर निशाना साधते हुए अपराधियों पर नकेल कसने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच तेज करने तथा अपराधियों में कानून का डर पैदा करने की मांग की।
इस मौके पर जिला महामंत्री मुख्तियार सिंह रिटायर्ड एस.पी., सर्कल प्रधान अजमेर सिंह, सर्कल प्रधान हैप्पी ढेसी, सर्कल प्रधान विनोद कुमार और सर्कल प्रधान तरुणजीत कल्याण आदि उपस्थित थे। डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि पंजाब के मौजूदा खराब हालात को प्रशासन को गंभीरता से लेना चाहिए। वारदातें होने के बाद सरकार की सक्रियता दिखाने के बजाय अपराधों को रोकने के लिए पहले से ही ठोस कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि शरारती तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए जैड-ब्लैक शीशों वाली गाड़ियों और मुंह ढककर घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर नियमानुसार उनकी जांच-पड़ताल की जाए, जिससे कि ऐसी वारदातों को रोकने में मदद मिल सके।
उन्होंने कहा कि जब भीड़भाड़ वाले इलाकों में सरेआम गोलियां चलाई जाती हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रही है और मौजूदा हालात में मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपने पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। डॉ. हरजोत कमल ने घटना के बाद पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि असल जरूरत अपराधियों में कानून का डर पैदा करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...