Site icon Dainik Savera Times

सुखबीर-मोदी मुलाकात पर केजरीवाल की टिप्पणी को भाजपा ने बताया घबराहट

BJP termed Kejriwal’s comment as panic : अमृतसर। पंजाब भाजपा प्रवक्ता प्रो. सरचंद सिंह ख्याला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात पर अरविंद केजरीवाल की टिप्पणी को राजनीतिक बेचैनी करार दिया है।

केजरीवाल की टिप्पणी पर भाजपा का पलटवार

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में नेताओं की मुलाकातें सामान्य प्रक्रिया हैं और इन्हें लेकर बेवजह अटकलें लगाना जनता को भ्रमित करने की कोशिश है। भाजपा नेता ने केजरीवाल पर पंजाब सरकार की विफलताओं से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए शिक्षा, नशे और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जवाब मांगा। प्रो. ख्याला ने कहा कि यदि इस बैठक में पंजाब के किसानों, सीमा सुरक्षा, नशे की समस्या, उद्योग, एमएसपी, जल विवाद या राज्य के विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई है तो यह पंजाब के हित में सकारात्मक पहल है। केवल एक मुलाकात के आधार पर राजनीतिक अटकलें लगाना और लोगों को भ्रमित करना गैर-जिम्मेदाराना राजनीति है। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट रुख है कि पंजाब का हित सर्वोपरि है। पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी और संगठन को मजबूत करने में जुटी है। पार्टी से जुड़े सभी राजनीतिक निर्णय समय आने पर आधिकारिक रूप से घोषित किए जाएंगे। इसलिए निराधार अटकलें लगाना केवल वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास है। प्रो. ख्याला ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पहले पंजाब की जनता को यह बताएं कि उनकी तथाकथित “शिक्षा क्रांति” का क्या हुआ।

“शिक्षा सुधार के दावों पर भाजपा ने उठाए सवाल”

शिक्षा विभाग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 31,370 शिक्षकों के पद रिक्त हैं, सरकारी कॉलेजों में 2,424 पद खाली हैं और सरकारी स्कूलों में लगभग छह लाख विद्यार्थियों का नामांकन घटा है। यदि वास्तव में शिक्षा में क्रांति आई है तो यह स्थिति क्यों बनी हुई है? उन्होंने कहा कि जो लोग शिक्षा सुधार, नशामुक्त पंजाब और ईमानदार राजनीति के वादे करके सत्ता में आए थे, वे आज अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए सोशल मीडिया की राजनीति कर रहे हैं। पंजाब की जनता को फिल्मी संवाद नहीं, बल्कि शिक्षा, कानून-व्यवस्था, नशे और प्रशासनिक जवाबदेही पर ठोस उत्तर चाहिए। प्रो. ख्याला ने कहा कि जहां तक केजरीवाल द्वारा प्रयुक्त भाषा का प्रश्न है, उन्हें पहले अपनी पार्टी से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों और अपने सहयोगियों से संबंधित मामलों पर जनता के सामने जवाब देना चाहिए। दूसरों पर उंगली उठाने से पहले आत्ममंथन करना आवश्यक है। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति सोशल मीडिया पर तंज कसने के बजाय विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनहित के मुद्दों पर केंद्रित है। पंजाब की जनता अब नारों और प्रचार से आगे बढ़ चुकी है; वह परिणाम और जवाबदेही चाहती है। यही कारण है कि आम आदमी पार्टी की तथाकथित “शिक्षा क्रांति” का दावा अब जनता की कसौटी पर टिक नहीं पा रहा।
Exit mobile version