BJP to launch anti-drug awareness rally : अमृतसर। पंजाब को नशा मुक्त बनाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भाजपा राज्यभर में नशा विरोधी जागरूकता यात्रा निकालेगी। यात्रा के अमृतसर आगमन की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में बैठक हुई, जिसमें प्रदेश पदाधिकारियों और जिला स्तर के नेताओं ने रणनीति तैयार की।
यात्रा की शुरुआत पठानकोट के माधोपुर से होगी और जनसभाओं, मोटरसाइकिल रैलियों व नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। प्रदेश पदाधिकारियों का बैठक स्थल पर पहुँचने पर सलिल कपूर ने अपने पदाधिकारियों के साथ पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर मंच पर डॉ. राम चावला, हरजिंदर सिंह ठेकेदार, सुखमिंदर सिंह पिंटू, कुमार अमित, अमृतसर रूरल-1 के जिलाध्यक्ष अमरपाल सिंह बोनी अजनाला, जिला महासचिव मनीष शर्मा, संजीव खन्ना, राहुल महेश्वरी, मानव तनेजा, हरविंदर सिंह संधू, अजयबीर पाल सिंह रंधावा आदि उपस्थित थे।
रविकरन सिंह काहलों ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि यह यात्रा समूचे पंजाब में निकाली जाएगी और इसी कड़ी में माझा जोन की यात्रा का शुभारंभ पठानकोट के जम्मू बॉर्डर पर माधोपुर में स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की प्रतिमा स्थल से होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस जागरूकता यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे के खिलाफ एकजुट करना है और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए पंजाब को इस सामाजिक बुराई से पूरी तरह मुक्त कराना है।
यात्रा के दौरान राज्य के विभिन्न गांवों और शहरों में जनसभाओं व संवाद कार्यक्रमों, मोटरसाईकिल रैलियों, पोस्टरों, बैनरों, नुक्कड़ नाटकों आदि का आयोजन किया जाएगा, ताकि आम जनता को इस मुहिम से जोड़ा जा सके। राकेश राठौर ने कहा कि माझा क्षेत्र में यात्रा का पड़ाव ऐतिहासिक और भावनात्मक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है। पंजाब-जम्मू बॉर्डर पर स्थित माधोपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा से शुरू होकर यह यात्रा माझा के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए जनता तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाएगी।
उन्होंने उपस्थित सभी नेताओं बी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर इस यात्रा को कामयाब करते हुए जनता को नशे के विरुद्ध जागरूक करने का आह्वान किया। सलिल कपूर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आगमन और इस यात्रा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। इसकी तैयारियों को लेकर अम्रतसर शहर के पांच विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों की जिम्मेवारियां तय कर दी गई हैं। यह यात्रा आम आदमी पार्टी के कुशासन से त्राहि त्राहि कर रही जनता को एकजुट करने में तथा बीजेपी के लिए पंजाब विजयी करने में मील का पत्थर साबित होगी।

