अमृतसर। हल्का उत्तरी से भाजपा युवा नेता अक्षय शर्मा ने लोगों से अपील की है कि जब भी कोई नेता उनसे वोट मांगने आए तो उससे जरूर सवाल करें कि वह पिछले साढ़े चार साल कहां था। चुनाव के आखिरी दो महीनों में आकर बड़े-बड़े वादे करने वाले नेताओं से उनके पिछले कार्यकाल का हिसाब मांगना जनता का अधिकार है। उन्होंने कहा कि असली नेता वही है जो चुनाव से पहले और जीतने के बाद भी लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझे और उनके हल के लिए काम करे।
अक्षय शर्मा वार्ड नंबर 16 के रामबली चौक में विशाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने इलाके के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए कहा। अक्षय शर्मा ने कहा कि जब इलाके के बच्चे नशे की चपेट में आ रहे थे, युवा बेरोजगार थे, घरों में पानी की समस्या थी और परिवार आर्थिक व सामाजिक परेशानियों से जूझ रहे थे, तब ये नेता कहां थे? आज चुनाव नजदीक आते ही वही लोग इलाके को सुधारने, बच्चों का भविष्य संवारने और स्कूल-कॉलेज बनाने के वादे लेकर पहुंच रहे हैं।
अक्षय शर्मा ने कहा कि लोगों में अपने नेताओं से सवाल पूछने की हिम्मत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह खुद लोगों के साथ खड़े होकर नेताओं से उनके कामों का हिसाब मांगेंगे, चाहे वह किसी भी पार्टी का नेता हो। उन्होंने कहा कि उनके लिए हल्का उत्तरी के लोग केवल वोटर नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य हैं। लोगों की समस्याएं उनकी अपनी समस्याएं हैं। पिछले ढाई वर्षों से उन्होंने जरूरतमंद बच्चों को दोबारा स्कूल भेजने, बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए हैं। आगे भी शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लोगों की मदद के लिए वह हमेशा उपलब्ध रहेंगे।
अक्षय ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल बड़े-बड़े वादे करना नहीं, बल्कि आम परिवारों की रोजमर्रा की समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना होना चाहिए। जब किसी इलाके में सीवरेज की समस्या हो, कूड़ा नहीं उठता हो या घरों में पानी नहीं पहुंचता हो तो सबसे पहले इन बुनियादी जरूरतों पर बात होनी चाहिए। मंदिर-मस्जिद और दूसरी बड़ी बातों से पहले लोगों के घरों की समस्याओं का समाधान जरूरी है। घरों के हालात सुधरेंगे तभी इलाके की तरक्की संभव है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि चुनाव के समय किसी के बहकावे में न आएं और न ही अपना वोट बेचें। वोट डालते समय उम्मीदवार के काम, उसकी सोच और जनता के प्रति उसके व्यवहार को जरूर परखें। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपना वोट पैसों के बदले दिया, वे कभी तरक्की की राह पर आगे नहीं बढ़ पाए। जनता को अपने वोट की ताकत पहचाननी होगी और सोच-समझकर अपने भविष्य का फैसला करना होगा।
📍 Location: Amritsar (Amritsar)

