पंजाबः भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अनुज खोसला ने पंजाब में भाजपा द्वारा निकाली जा रही ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाकर किए जा रहे विरोध पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि नशे जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दे पर राजनीतिक विरोध करने के बजाय सभी राजनीतिक दलों को पंजाब की युवा पीढ़ी की सुरक्षा के लिए एकजुट होना चाहिए।
खोसला ने कहा कि पंजाब में नशे का मुद्दा केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि हजारों परिवारों से जुड़ा गंभीर सामाजिक संकट है। युवाओं और परिवारों द्वारा लंबे समय से नशे के खिलाफ आवाज उठाई जा रही है। ऐसे समय में नशा मुक्ति के लिए जागरूकता पैदा करने वाली किसी भी मुहिम का विरोध करने के बजाय उसके उद्देश्य का समर्थन किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को नशा मुक्त करने को लेकर बड़े-बड़े वादे किए थे। अब सरकार को अपने कार्यकाल के दौरान नशे की रोकथाम, नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई और नशा पीड़ितों के पुनर्वास को लेकर स्पष्ट जवाबदेही और आंकड़े पंजाब की जनता के सामने रखने चाहिए।
खोसला ने कहा कि भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का उद्देश्य पंजाब के लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट करना और युवाओं को इस सामाजिक बुराई से दूर रखने के लिए जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा भी नशे के खिलाफ ‘ड्रग-फ्री इंडिया’ के लक्ष्य के तहत कार्रवाई और जागरूकता पर लगातार जोर दिया जाता रहा है।
उन्होंने कहा, “काले झंडे दिखाने से पंजाब में नशे की समस्या खत्म नहीं होगी। जरूरत इस बात की है कि सरकार नशा तस्करी की पूरी सप्लाई चेन पर सख्ती करे, युवाओं के लिए पुनर्वास और रोजगार के अवसर बढ़ाए तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दे।”
खोसला ने पंजाब सरकार से सवाल करते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में नशे के खिलाफ गंभीर है, तो उसे भाजपा की यात्रा का विरोध करने के बजाय ‘नशा मुक्त पंजाब’ के साझा संकल्प में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पंजाब की युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत है और “नशे की कब्र पर पंजाब की नई पीढ़ी का भविष्य खड़ा करना है।” उन्होंने पंजाब के युवाओं, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की।

