Site icon Dainik Savera Times

राजोआणा के पत्र पर भाजपा का बड़ा दावा

BJP’s big claim on Rajoana’s letter : अमृतसर। भाजपा पंजाब के प्रवक्ता और सिख चिंतक प्रो. सरचांद सिंह ख्याला ने कहा कि बलवंत सिंह राजोआणा के हालिया पत्र से यह संकेत मिलता है कि उन्होंने केंद्र सरकार से जुड़े मामलों और संवैधानिक प्रक्रिया में भाजपा के सिख नेताओं की भूमिका को स्वीकार किया है।

अकाली दल और SGPC पर उठाए सवाल

प्रो. ख्याला ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब से भाजपा के प्रमुख सिख नेताओं को तलब कर वर्ष 2019 की अधिसूचना (नोटिफिकेशन) और दया याचिका (मर्सी पिटीशन) के संबंध में स्पष्टीकरण मांगे जाने की राजोआणा की अपील स्वयं यह दर्शाती है कि वे केंद्र सरकार के साथ संवाद और संवैधानिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में भाजपा के सिख नेतृत्व की भूमिका को महत्वपूर्ण मानते हैं। उन्होंने कहा कि पत्र की विषयवस्तु शिरोमणि अकाली दल और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के प्रति राजोआणा के मोहभंग को भी दर्शाती है।

आरोपों को तथ्य नहीं माना जा सकता: ख्याला

उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्र में लगाए गए आरोप अपने आप में स्थापित तथ्य नहीं माने जा सकते। प्रो. ख्याला ने कहा कि राजोआणा के पिछले कई वर्षों के पत्राचार से यह भी स्पष्ट होता है कि वे मर्सी पिटीशन के मामले में एसजीपीसी और अकाली नेतृत्व को विफल मानते हैं। उन्होंने पहले भी अकाली नेतृत्व से श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पंथ से क्षमा मांगने का आह्वान किया था, क्योंकि उनके अनुसार वे अपने पंथक दायित्व निभाने में असफल रहे। उन्होंने अकाली नेताओं की कांग्रेस नेताओं से निकटता पर भी सार्वजनिक रूप से तीखी टिप्पणी की है।

राजोआणा पत्र पर भाजपा की दो टूक

प्रो. ख्याला ने यह भी कहा कि राजोआणा पूर्व में हिंदू-सिख एकता की सराहना कर चुके हैं, 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामलों में सज्जन कुमार को सजा मिलने का स्वागत कर चुके हैं तथा करतारपुर साहिब कॉरिडोर को शुरू करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल की भी प्रशंसा कर चुके हैं। भाजपा का पक्ष दोहराते हुए प्रो. ख्याला ने कहा कि पार्टी श्री अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता, गरिमा, परंपराओं और सभी सिख संस्थाओं का सर्वोच्च सम्मान करती है। उन्होंने कहा, “राजोआणा के पत्र पर कोई भी निर्णय लेना पूरी तरह श्री अकाल तख्त साहिब के अधिकार क्षेत्र का विषय है। भाजपा इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहती।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

Exit mobile version