Site icon Dainik Savera Times

चन्नी की साइकिल यात्रा कुर्सी बचाओ यात्रा : गुरदेव शर्मा देबी

BJP’s Gurdev Sharma Debi Takes a Dig at Channi’s Cycle Yatra : लुधियाना। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की साइकिल यात्रा पर निशाना साधते हुए पंजाब भाजपा के कोषाध्यक्ष एवं लुधियाना सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी गुरदेव शर्मा देबी ने इसे युवाओं को संभालने के बजाय कांग्रेस नेताओं की कुर्सी बचाने की कवायद करार दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद और टिकटों को लेकर अंदरूनी खींचतान जारी है और नेताओं को जनता के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस में कुर्सी को लेकर अंदरूनी लड़ाई लगातार जारी है। कोई पंजाब का मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहा है तो कोई अपनी टिकट बचाने की कोशिश में लगा हुआ है। इन नेताओं का पंजाब के असल मुद्दों और जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। गुरदेव शर्मा देबी ने कहा कि इस साइकिल यात्रा के दौरान एक और दिलचस्प नजारा देखने को मिला।

 

अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए कई कांग्रेसी नेता नाचते नजर आए, जबकि कुछ नेता छिपते दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नाकाम नेता अपने वरिष्ठ नेताओं की वाहवाही लूटने के लिए यात्रा के नाम पर राजनीतिक तमाशा कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि चाहे यात्रा में नाचने वाले नेता हों या अपनी मौजूदगी से बचते हुए छिपने वाले नेता, यह सब कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी खींचतान और पंजाब के प्रति उसकी गैर-गंभीरता को उजागर करता है। अंत में गुरदेव शर्मा देबी ने कहा कि पंजाब की जनता अब ऐसे राजनीतिक तमाशों से भली-भांति परिचित हो चुकी है और आने वाले समय में पंजाब कांग्रेस को जनता का कोई राजनीतिक समर्थन नहीं मिलेगा।

 
Exit mobile version