Site icon Dainik Savera Times

जालंधर से आज शुरू होगी भाजपा की 2,558 KM लंबी यात्रा, दोआबा से काशी तक पहुंचेगा काफिला; जानें पूरा प्लान

जालंधर: गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित भाजपा की सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा आज जालंधर से शुरू होने जा रही है। करीब 2,558 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। यात्रा का समापन 3 दिसंबर को वाराणसी में होगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

यात्रा की शुरुआत जालंधर के रायपुर रसूलपुर गांव से दोपहर करीब 1 बजे होगी। आयोजकों के मुताबिक, इस पूरे आयोजन को धार्मिक और सामाजिक स्वरूप दिया गया है। यही वजह है कि कार्यक्रम स्थल पर तैयार किए गए पंडाल में भाजपा के झंडे नहीं लगाए जाएंगे।

धार्मिक आयोजन के रूप में होगी यात्रा की शुरुआत

भाजपा के प्रदेश सचिव और जालंधर प्रभारी सूरज भारद्वाज के अनुसार, यह कोई राजनीतिक रैली नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और समरसता का संदेश देने वाला आयोजन है। मंच को दो स्तरों पर तैयार किया गया है। इसमें संतों को ऊपरी मंच पर स्थान दिया जाएगा, जबकि भाजपा के नेता दूसरी पंक्ति में बैठेंगे।

कार्यक्रम में संत समाज को प्रमुखता दी जाएगी और नेताओं के संबोधन के लिए सीमित समय रखा गया है। इस दौरान राज्यसभा सदस्य तरुण चुग, पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया, सह प्रभारी वरिंदर सचदेवा और प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

संत निरंजनदास महाराज की मौजूदगी पर रहेंगी सबकी नजरें

इस यात्रा को संत समाज के नेतृत्व में शुरू करने की योजना बनाई गई है। ऐसे में डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजनदास जी महाराज की उपस्थिति को लेकर खास उत्सुकता बनी हुई है।

दरअसल, भाजपा ने शुरुआत में यात्रा को डेरा सचखंड बल्लां से रवाना करने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में कार्यक्रम का स्थान बदलकर रायपुर रसूलपुर कर दिया गया। यह गांव डेरे से कुछ दूरी पर स्थित है।

राष्ट्रीय स्तर के नेता संभालेंगे यात्रा की जिम्मेदारी

यात्रा के पहले दिन भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत बादल, लाल सिंह आर्य, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक और अन्य वरिष्ठ नेता अलग-अलग दिनों में यात्रा की जिम्मेदारी संभालेंगे।

पंजाब के 14 जिलों और 61 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी यात्रा

भाजपा की यह यात्रा धार्मिक उद्देश्य के साथ-साथ पंजाब के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य में भी चर्चा का विषय बनी हुई है। पंजाब में इसके मार्ग में 14 जिले और करीब 61 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

यात्रा का बड़ा हिस्सा आरक्षित विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। राज्य में अनुसूचित जाति के लिए कुल 34 विधानसभा सीटें आरक्षित हैं। दोआबा क्षेत्र में दलित मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए इस यात्रा को खास अहमियत दी जा रही है।

जालंधर से चंडीगढ़ तक पंजाब के इन शहरों से गुजरेगा काफिला

पंजाब में यह यात्रा पांच दिनों तक चलेगी और करीब 700 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इस दौरान कई प्रमुख शहरों और जिलों को शामिल किया गया है।

ये यात्रा जालंधर,, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, संगरूर, लुधियाना, रूपनगर और मोहाली से होते हुए चंडीगढ़ पहुंचेगी।

पंजाब के बाद यात्रा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगी। इस तरह सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 46 शहरों तक पहुंचने की योजना है।

ये भी पढ़ें…

दो करोड़ लोगों तक संदेश पहुंचाने का लक्ष्य

भाजपा का दावा है कि इस संकल्प यात्रा के जरिए गुरु रविदास जी महाराज के समानता, भक्ति, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे के विचारों को दो करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

यात्रा के दौरान 100 से ज्यादा छोटी सभाएं और 17 बड़ी जनसभाएं आयोजित करने की योजना है। इनमें केंद्रीय मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग हिस्सा लेंगे।

Exit mobile version