Site icon Dainik Savera Times

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड: मोगा में विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के आवास के बाहर भाकियू एकता उगराहां ने दिया धरना

मोगा: मानसा में परमिंदर सिंह झोटा से जुड़े हत्या मामले और पंजाब में नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए सोमवार को परमिंदर सिंह झोटा इंसाफ संघर्ष कमेटी के आह्वान पर प्रदेशभर में विभिन्न विधायकों के आवासों के बाहर किसान संगठनों ने धरने दिए। इसी कड़ी में मोगा में भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां की ओर से विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के आवास के बाहर धरना देकर सरकार से नशे के कारोबार पर रोक लगाने और मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की गई। इस दौरान विधायक को लाहनती पत्र सौंपा गया।

धरने को संबोधित करते हुए किसान यूनियन के जिला प्रधान अमरजीत सिंह ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या गंभीर रूप धारण कर चुकी है। नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि परमिंदर सिंह झोटा से जुड़े मामले की गहराई से जांच की जाए और यदि इसमें किसी राजनीतिक नेता, पुलिस अधिकारी या अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

अमरजीत सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई केवल छोटे स्तर पर नशा बेचने वालों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। नशे की सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क, इसके पीछे काम करने वाले बड़े कारोबारियों और उन्हें कथित संरक्षण देने वालों की पहचान करना जरूरी है। जब तक नशे की सप्लाई के स्रोतों पर चोट नहीं की जाएगी, तब तक पंजाब के युवाओं को इस बुराई से बचाना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि अलग-अलग सरकारें नशा खत्म करने के वादे करती रही हैं, लेकिन इस समस्या का स्थायी समाधान अभी भी जरूरी है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए सरकार के साथ-साथ समाज को भी एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने विधायकों से अपील की कि वे जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाएं और नशे के कारोबार के खिलाफ ठोस कदम उठाने की मांग करें।

पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग

किसान नेता ने मांग की कि परमिंदर सिंह झोटा के परिवार को दो करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा मामले में घायल हुए लोगों का इलाज सरकारी खर्च पर करवाने और उन्हें उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई गई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ संघर्ष करने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए सरकार को विशेष कदम उठाने चाहिए। अमरजीत सिंह ने कहा कि विधायकों को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नशे के खिलाफ चल रहे संघर्ष में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक नशे के कारोबार की जड़ों तक पहुंचकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने युवाओं से भी नशे के खिलाफ जन आंदोलन को मजबूत करने की अपील की।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version