Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

तरनतारन में 7 सितंबर से शुरू होंगी ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं : डॉ. आदित्य शर्मा

August 28, 2026

तरनतारन में 7 सितंबर से शुरू होंगी ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं : डॉ. आदित्य शर्मा

तरनतारन: पंजाब सरकार की ओर से युवाओं को खेलों से जोड़ने और राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत तरनतारन जिले में 7 सितंबर से विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त (ज) डॉ. आदित्य शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि डिप्टी कमिश्नर श्री राहुल के नेतृत्व में ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 7 सितंबर से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी।

इन खेलों में खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा

ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के दौरान एथलेटिक्स, कबड्डी नेशनल स्टाइल, कबड्डी सर्कल स्टाइल, खो-खो, वॉलीबॉल स्मैशिंग, फुटबॉल और टेनिस बॉल क्रिकेट के मुकाबले करवाए जाएंगे।

इसके अलावा जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 21 से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी।

जिला स्तर पर होंगे कई अन्य मुकाबले

डॉ. आदित्य शर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, कबड्डी नेशनल स्टाइल, कबड्डी सर्कल स्टाइल, खो-खो, वॉलीबॉल स्मैशिंग, फुटबॉल और टेनिस बॉल क्रिकेट के साथ-साथ बैडमिंटन, किक बॉक्सिंग, रोलर स्केटिंग और शूटिंग आदि के मुकाबले भी होंगे।

ऑनलाइन और मौके पर भी करवा सकते हैं रजिस्ट्रेशन

उन्होंने बताया कि इन खेल प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। खिलाड़ियों के लिए विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा प्रतियोगिताओं के दौरान मौके पर भी रजिस्ट्रेशन करवाया जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी जिला खेल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर

डॉ. आदित्य शर्मा ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से युवाओं को नशे से दूर रखने, उनका रुझान खेलों की ओर बढ़ाने और खेलों के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने जिले के खिलाड़ियों और आम लोगों से इन प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की। साथ ही खेल संस्थाओं, कोचों और शिक्षकों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक खिलाड़ियों को रजिस्ट्रेशन के लिए प्रोत्साहित करें।

उन्होंने उम्मीद जताई कि तरनतारन जिले के खिलाड़ी इन खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर जिले और पंजाब का नाम और रोशन करेंगे।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर SDM तरनतारन डॉ. कर्णवीर सिंह, जिला खेल अधिकारी सतवंत कौर, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी देविंदर सिंह के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें