Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

अकालसर रोड रेलवे लाइन के समीप खाली प्लाट में मिला 30 वर्षीय युवक का शव, पहचान के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील

August 17, 2026

अकालसर रोड रेलवे लाइन के समीप खाली प्लाट में मिला 30 वर्षीय युवक का शव, पहचान के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील

मोगा: मोगा के अकालसर रोड स्थित रेलवे लाइन के निकट एक खाली प्लाट से रविवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में युवक की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है, जबकि शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मामले संबंधी जानकारी देते हुए जीआरपी पुलिस चौकी की प्रभारी एएसआई नरेश कुमारी शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अकालसर रोड रेलवे लाइन के पास एक युवक मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद समाज सेवा सोसायटी के सहयोग से शव को सिविल अस्पताल मोगा की मोर्चरी में रखवाया गया।

एएसआई नरेश कुमारी शर्मा ने बताया कि मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। इसलिए शव को आगामी 72 घंटे तक पहचान के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान करवाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है तथा लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह तुरंत जीआरपी पुलिस चौकी या स्थानीय पुलिस प्रशासन से संपर्क करे, ताकि शव की शिनाख्त कर उसे उसके परिजनों के सुपुर्द किया जा सके। फिलहाल जीआरपी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें