Punjabi Man Death Greece : ग्रीस गए जालंधर के एक पंजाबी व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में वहां मौत हो गई। मृतक की पहचान शाहकोट के मोहल्ला बागवाला निवासी 42 वर्षीय धरमिंदर सिंह उर्फ लक्की के रूप में हुई है। लक्की की मौत की पुष्टि उसके भाई सरबजीत सिंह ने की है। लक्की पांच साल पहले ग्रीस गया था।
मृतक के बड़े भाई शाहकोट के मोहल्ला बागवाला निवासी सरबजीत सिंह ने बताया कि करीब 5 साल पहले ग्रीस गए उसके भाई धरमिंदर सिंह उर्फ लक्की (42) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सरबजीत को पास के गांव के एक युवक ने लक्की की मौत की सूचना दी और उसका फोटो व्हाट्सएप पर भेजा।
उक्त युवक को फोन करने पर युवक ने बताया कि यह फोटो उसे ग्रीस में रहने वाले उसके रिश्तेदार ने भेजा है। सरबजीत सिंह ने बताया कि काफी प्रयास के बाद उन्होंने ग्रीस में अपने भाई के साथ रह रहे अन्य पंजाबी युवकों के नंबर ढूंढे और उनसे फोन पर संपर्क किया, जिन्होंने पुष्टि की कि धर्मिंदर सिंह का शव समुद्र किनारे मिला है और अब शव अस्पताल में है।
उसकी मौत का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। उसे पता चला है कि 3 दिन पहले उसका भाई अपनी पुरानी नौकरी छोड़कर कहीं चला गया था। सरबजीत सिंह ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से अपने भाई के शव को भारत लाने में मदद की अपील की है।

