Border Security Force अमृतसर: सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रग्स तस्करी की एक और कोशिश को नाकाम करते हुए दो पाकिस्तानी ड्रोन और हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया है। यह कार्रवाई BSF की सीमा पार से हो रही नार्को-ड्रोन गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान का हिस्सा है।
जानकारी के अनुसार, अमृतसर सीमा पर तैनात BSF के तकनीकी उपकरणों ने दो संदिग्ध ड्रोन की गतिविधियों का पता लगाया। जवानों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए धनोई कलां गांव के पास एक त्वरित सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान दो ड्रोन – एक डीजेआई माविक 3 क्लासिक और दूसरा डीजेआई एयर 3 – बरामद किए गए। इसके साथ ही, एक पैकेट हेरोइन भी मिला, जिसका कुल वजन लगभग 560 ग्राम है।

BSF अधिकारियों का कहना है कि यह बरामदगी सीमा पार से सक्रिय पाकिस्तानी ड्रग सिंडिकेट की गतिविधियों को विफल करने में एक बड़ी सफलता है। जवानों की सतर्कता और तत्परता से एक बार फिर देश विरोधी तत्वों की साजिश को नाकाम कर दिया गया।
बता दें कि BSF ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच तेज कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन ड्रोन की लैंडिंग और हेरोइन की डिलीवरी किनके लिए की जा रही थी। गौरतलब है कि पंजाब सीमा पर ड्रोन के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन BSF अपनी कड़ी निगरानी और कार्रवाई से इन गतिविधियों पर रोक लगाने में सफल हो रही है।